टेक दिग्गजों की दुनिया में एलन मस्क (Elon Musk) ने एक बार फिर वो कर दिखाया है जिसकी कल्पना भी आम इंसान के परे है. शेयर बाजार में आए एक भयंकर उफान के बदौलत एलन मस्क की नेटवर्थ महज 24 घंटे के भीतर करीब 65 अरब डॉलर (लगभग 5.7 लाख करोड़ भारतीय रुपये) उछल गई.
दरअसल ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) के मुताबिक, मस्क की कुल संपत्ति अब बढ़कर 1.04 ट्रिलियन डॉलर (करीब 92 लाख करोड़ रुपये) के पार पहुंच चुकी है.
3 महीने बाद ‘ट्रिलियनेयर क्लब’ में वापसी(Elon Musk Net Worth)
इससे पहले जून में मस्क पहली बार 1 ट्रिलियन डॉलर के जादुई आंकड़े तक पहुंचे थे, लेकिन SpaceX के शेयरों में आई अचानक गिरावट के कारण वे इस एलीट क्लब से बाहर हो गए थे. हालांकि, ठीक 3 महीने बाद मस्क ने न सिर्फ जोरदार वापसी की, बल्कि यह साबित कर दिया कि ग्लोबल मार्केट में उनका कोई सानी नहीं है. शुक्रवार को उनकी संपत्ति 979.7 अरब डॉलर थी, जो सोमवार की तूफानी तेजी के साथ सीधे 1 ट्रिलियन डॉलर के पार निकल गई.
शेयरों में 58% के धमाकेदार बाउंसबैक से लगा जैकपॉट
मस्क की संपत्ति में इस सुनामी जैसी तेजी का सबसे बड़ा श्रेय उनकी स्पेस कंपनी SpaceX को जाता है. अक्टूबर की शुरुआत से अब तक SpaceX के शेयर करीब 13 फीसदी चढ़ चुके हैं. अगस्त के निचले स्तर की तुलना में कंपनी के शेयरों में 58 फीसदी की रॉकेट जैसी रिकवरी दर्ज की गई है. दिग्गज ब्रोकरेज फर्म ‘मॉर्गन स्टेनली’ (Morgan Stanley) के विश्लेषकों द्वारा इसे स्पेस और इंटेलिजेंस सेक्टर में सबसे आकर्षक निवेश बताए जाने के बाद निवेशकों ने इस पर जमकर पैसा बरसाया.
टेस्ला के बेहतर बिक्री नतीजों ने दिया दोहरा बूस्टर
सिर्फ अंतरिक्ष ही नहीं, बल्कि जमीन पर दौड़ने वाली मस्क की इलेक्ट्रिक कार कंपनी Tesla ने भी मस्क की दौलत में चार चांद लगा दिए. टेस्ला द्वारा जारी तीसरी तिमाही (Q3) के डिलीवरी और बिक्री के आंकड़े वॉल स्ट्रीट और बाजार की उम्मीदों से कहीं ज्यादा शानदार रहे. नतीजतन, अक्टूबर की शुरुआत से ही टेस्ला के शेयर 6.7 फीसदी उछल गए, जिसने मस्क की संपत्ति को रॉकेट की रफ्तार दे दी.
कई देशों की पूरी GDP से भी बड़ी हुई मस्क की दौलत
भारतीय मुद्रा में देखें तो एलन मस्क की नेटवर्थ लगभग 92,00,00,00,00,000 रुपये है. यह आंकड़ा दुनिया के दर्जनों छोटे-बड़े देशों की कुल जीडीपी (GDP) से भी कहीं ज्यादा है. मस्क अकेले एक ऐसे शख्स बन चुके हैं जिनकी संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को छूने और उसे बनाए रखने का रिकॉर्ड बार-बार कायम कर रही है.
ये भी पढ़ें: भारत का नाम लिखते ही ट्रंप की हुई किरकिरी! चुनाव का जिक्र करते हुए गलती से हुई टाइपिंग मिस्टेक
क्यों लगातार बदलती रहती है एलन मस्क की नेटवर्थ?
वित्तीय विशेषज्ञों का कहना है कि मस्क की यह अपार दौलत उनके किसी बैंक खाते में रखी कैश या फिक्स्ड डिपॉजिट नहीं है. उनकी संपत्ति(Elon Musk Net Worth) का बड़ा हिस्सा टेस्ला और SpaceX में उनकी भारी शेयरहोल्डिंग (Equity Stakes) के बाजार मूल्य पर टिका है. शेयर बाजार में जैसे-जैसे इन कंपनियों के दाम ऊपर या नीचे जाते हैं, मस्क की नेटवर्थ में भी चंद घंटों के भीतर अरबों डॉलर का उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




