रतलाम में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी की पेड़ से बांधकर धुनाई
Ratlam Viral Video: मध्य प्रदेश के रतलाम में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में एक शिक्षक को पेड़ से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है. आरोपी अतिथि शिक्षक को पीटने से संबंधित वीडियो भी वायरल हो रहा है. जिसमें देखा जा सकता है कि ग्रामीण शिक्षक को पेड़ से बांध दिये हैं और उसे रस्सियों और चप्पलों से पीट रहे हैं. शिक्षक रो-रोकर खुद को छोड़ने और माफी की गुहार लगाता रहा, लेकिन लोग उसे पीटते रहे. बताया जा रहा है कि यह घटना 3 अक्टूबर की है, जो अब वायरल हो रही है.
जानकारी के मुताबिक अतिथि शिक्षक की पहचान योगेंद्र जाटव के रूप में हुई है. आरोप है कि उसने नाबालिग छात्रा को बहाने से बुलाया और उसे एक झोपड़ी में ले जाकर छेड़छाड़ करने लगा.
छात्रा ने शोर मचाकर बचाई जान
अपने साथ गलत होता देख छात्रा ने शोर मचा दिया. बेटी को शोर मचाता देख मौके पर परिजनों सहित अन्य ग्रामीण पहुंच गए और शिक्षक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी अतिथि शिक्षक को जमकर पीटा. जब इसकी जानकारी पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को रेस्क्यू किया.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी शिक्षक 21 साल का योगेंद्र जाटव है जो कि मूल रूप से मुरैना जिले के शेरपुर का रहने वाला है. वह रतलाम के खारवाकला में किराये के मकान में रहता है और पिपल्या के तुखार गांव के शासकीय प्राथमिक स्कूल में अतिथि शिक्षक का काम करता है.
शिक्षक ने लगाया मारपीट का आरोप
इस संबंध में आरोपी शिक्षक ने ताल थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है. अपनी रिपोर्ट में उसने बताया कि 3 अक्टूबर को वो करीब 1.30 बजे अपनी पहचान की लड़की से मिलने गया था. तभी गांव के दो लोगों ने उसे रोक लिया और उससे गाली-गलौज करते हुए पूछने लगे कि आखिर वो उसके गांव की लड़की से मिलने क्यों आया. जब वो गाली देने से मना किया तो दोनों ने उसे रस्सियों से बांध दिया और लोगों को मारपीट करने लगे. शिक्षक ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अज्ञात बताते हुए मुकदमा दर्ज कराया है.
ये भी पढ़ें- ‘प्रेस आईडी गले में टांगो…’, जंतर-मंतर हंगामे के बाद दिल्ली पुलिस ने पत्रकारों के लिए जारी किए नियम
शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है. वहीं परिजनों की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित दूसरी धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया है. फिलहाल वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




