बीबी ने शराब पीने से रोका तो गंदे नाले में कूद गया शख्स
Man Jumps Into Drain: नोएडा में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. नोएडा मेट्रो के सेक्टर 81 स्टेशन के पास एक शख्स गंदे नाले में कूद गया. बताया जा रहा है कि रात में शराब पीने की बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ था. झगड़े के बाद वह गुस्से में घर से निकला और नाले में छलांग लगा दी. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
घटना को 8 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. युवक की तलाश के लिए NDRF और SDRF की टीमें भी मौके पर पहुंची हैं. पुलिस के मुताबिक, बुधवार को डायल-112 के जरिए थाना सेक्टर-39 पुलिस को घटना की सूचना मिली थी.
नाले में कूदने वाले युवक की पहचान रवि के रूप में हुई है. उसकी उम्र 29 साल बताई जा रही है. रवि मूल रूप से एटा जिले के थाना जलेसर क्षेत्र के ग्राम जैनपुरा का रहने वाला है. फिलहाल वह गौतमबुद्ध नगर के हरौला इलाके में रह रहा था जो थाना फेस-1 क्षेत्र में आता है.
#WATCH नोएडा, उत्तर प्रदेश: CFO प्रदीप कुमार ने कहा, “हमें डायल 112 से सूचना मिली कि थाना 39 के इलाके में मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यक्ति नाले में कूद गया है। तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हमने खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया है; पता चला है कि वह व्यक्ति 29 साल का रवि है। पारिवारिक कलह के कारण वह अपनी मर्जी से नाले में कूदा था। NDRF और SDRF की टीमों को भी बुलाया गया है। अभी NDRF, SDRF और फायर सर्विस की टीमें स्थानीय पुलिस की मदद से खोज और बचाव अभियान चला रही हैं… हमारा मुख्य ध्यान अभी खोज और बचाव अभियान पर है और हम इसके लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं।”
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 7, 2026
शराब को लेकर पत्नी से हुआ था विवाद
रवि की पत्नी ने पुलिस को बताया कि शराब पीने की बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. विवाद के बाद रवि काफी गुस्से में आ गया. इसके बाद उसने सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित गंदे नाले में छलांग लगा दी.
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस और फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंच गई. दमकल विभाग के कर्मचारी नाले में उतरकर रवि की तलाश में जुट गए, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है.
ये भी पढ़ें- नहीं रहे ‘क्रांतिवीर’ नाना पाटेकर, गोवा में आया अटैक, तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले स्टार का निधन
युवक की तलाश और रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए SDRF और NDRF की टीमें भी बुलाई गई हैं. पुलिस और बचाव दल लगातार नाले में उसकी तलाश कर रहे हैं और उसे सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश जारी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

