Bharat Express DD Free Dish

कटरीना के बढ़े वजन पर ट्रोलिंग, सौंदर्या ने लगाई लताड़; सलमान भी साथ

Katrina Kaif Trolling After Pregnancy: कटरीना कैफ के मां बनने के बाद वजन को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग पर सौंदर्या रजनीकांत ने महिलाओं का समर्थन किया. सलमान खान भी कटरीना के बचाव में उतर चुके हैं और ट्रोलर्स से सवाल किया कि नई मां के वजन पर टिप्पणी क्यों की जा रही है.

Katrina Kaif Trolling After Pregnancy

Katrina Kaif Trolling After Pregnancy- bharat express

Katrina Kaif Trolling After Pregnancy: बॉलीवुड एक्ट्रेस कटरीना कैफ हाल ही में मां बनने के बाद पहली बार एक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आईं. अंबानी परिवार के गणेश चतुर्थी सेलिब्रेशन में उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके लुक और बढ़े हुए वजन को लेकर कुछ यूजर्स ने कमेंट किए. हालांकि, कई फैंस ने एक्ट्रेस का बचाव भी किया. अब इस ऑनलाइन ट्रोलिंग के खिलाफ सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी और फिल्ममेकर सौंदर्या रजनीकांत ने आवाज उठाई है. इससे पहले सलमान खान भी कटरीना के समर्थन में ट्रोलर्स को जवाब दे चुके हैं.

मां बनने के बाद पहली बार पब्लिक इवेंट में दिखीं कटरीना

कटरीना कैफ ने नवंबर 2025 में अपने पति और एक्टर विक्की कौशल के साथ बेटे विहान का स्वागत किया था. इसके बाद से उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों और लाइमलाइट से दूरी बनाए रखी थी. हाल ही में अंबानी परिवार के गणेश चतुर्थी समारोह में उनकी मौजूदगी ने फैंस का ध्यान खींचा. इस दौरान कटरीना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए. जहां कई लोगों ने उनके लुक और सादगी की तारीफ की, वहीं कुछ यूजर्स ने उनके वजन को लेकर सवाल उठाए. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी प्रेग्नेंसी से पहले और बाद की तस्वीरें शेयर करते हुए तुलना भी की.

सौंदर्या रजनीकांत ने महिलाओं के लिए कही बड़ी बात

फिल्ममेकर सौंदर्या रजनीकांत ने नयनदीप रक्षित के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कटरीना की ट्रोलिंग का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बच्चे को जन्म देने के बाद महिला के शरीर में बदलाव होना पूरी तरह सामान्य है और ऐसे समय में महिला को ट्रोल करने के बजाय उसका सम्मान किया जाना चाहिए. सौंदर्या ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि उनके दो बच्चे हैं और इस पूरी प्रक्रिया से गुजरना आसान नहीं होता. उन्होंने कहा कि प्रेग्नेंसी के दौरान महिला के शरीर में बदलाव आते हैं और एक उम्र के बाद मां बनना और भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है. उनके मुताबिक, महिलाओं को इस बदलाव के लिए जज करने के बजाय उनके संघर्ष और क्षमता को समझना चाहिए.

‘हम पुरुष से नहीं पूछते कि तुम प्रेग्नेंट क्यों नहीं होते?’

सौंदर्या ने यह भी कहा कि समाज महिलाओं के शरीर को लेकर अक्सर सवाल करता है, लेकिन पुरुषों से इस तरह के सवाल नहीं किए जाते. उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई महिला प्रेग्नेंसी और डिलीवरी के दौर से गुजरती है, तो उसके शरीर में होने वाले बदलावों को लेकर उसे जज करना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि महिलाओं को इस तरह की टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन महिला होना अपने आप में खास बात है. सौंदर्या की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर बॉडी-शेमिंग के खिलाफ एक मजबूत संदेश के तौर पर देखी जा रही है.

यह भी पढ़ें: ‘उतनी ही लकड़ी लगनी है, मेरी लकड़ी जमा है…’, नाना पाटेकर ने हंसते-हंसते समझा दिया था जिंदगी का फलसफा

सौंदर्या खुद भी दो बच्चों की मां हैं

सौंदर्या रजनीकांत खुद दो बच्चों की मां हैं. उन्होंने 2010 में बिजनेसमैन अश्विन से शादी की थी और 2015 में उनके बेटे वेद का जन्म हुआ. बाद में दोनों अलग हो गए और 2017 में उनका तलाक हो गया. इसके बाद सौंदर्या ने 2019 में बिजनेसमैन विशागन से दूसरी शादी की. साल 2022 में दोनों बेटे वीर के माता-पिता बने.

सलमान खान भी कर चुके हैं कटरीना का बचाव

कटरीना की ट्रोलिंग पर सलमान खान भी अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं. उन्होंने सवाल किया कि हाल ही में मां बनी एक महिला के वजन और लुक पर टिप्पणी करने की जरूरत क्यों है. सलमान ने कहा कि प्रेग्नेंसी के बाद हर महिला का वजन बढ़ सकता है और कटरीना जब फिल्मों में वापसी करेंगी तो वह फिर से फिट हो जाएंगी. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल कटरीना को अपने परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलना चाहिए. वहीं, कटरीना और विक्की कौशल ने अब तक सोशल मीडिया पर हो रही इस ट्रोलिंग को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. सौंदर्या और सलमान के समर्थन के बाद बॉडी-शेमिंग और महिलाओं के शरीर को लेकर होने वाली ऑनलाइन ट्रोलिंग एक बार फिर चर्चा में है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read