Bharat Express DD Free Dish

‘उतनी ही लकड़ी लगनी है, मेरी लकड़ी जमा है…’, नाना पाटेकर ने हंसते-हंसते समझा दिया था जिंदगी का फलसफा

Nana Patekar: नाना पाटेकर की सबसे बड़ी खासियत यही थी कि उन्होंने कभी जिंदगी को दिखावे की नजर से नहीं देखा. वह स्टार थे, लेकिन स्टारडम के मोह में नहीं फंसे. करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करने वाले नाना अक्सर उन बातों को कह जाते थे जिन्हें सुनकर लोग सोचने पर मजबूर हो जाते थे.

nana-patekar-marte-waqt-galatfehmi-nahi-honi-chahiye-life-philosophy

नाना पाटेकर ने हंसते-हंसते समझा दिया था जिंदगी का फलसफा

Nana Patekar: कुछ लोग अपनी फिल्मों से याद रखे जाते हैं, कुछ अपने किरदारों से और कुछ अपने विचारों से. नाना पाटेकर उन चुनिंदा लोगों में शामिल थे, जिनकी पहचान सिर्फ एक अभिनेता के रूप में नहीं थी. वो एक ऐसे इंसान थे, जिन्होंने जिंदगी को जितना करीब से देखा, उतनी ही बेबाकी से उसके बारे में बात भी की.

नाना पाटेकर की सबसे बड़ी खासियत यही थी कि उन्होंने कभी जिंदगी को दिखावे की नजर से नहीं देखा. वह स्टार थे, लेकिन स्टारडम के मोह में नहीं फंसे. करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करने वाले नाना अक्सर उन बातों को कह जाते थे जिन्हें सुनकर लोग सोचने पर मजबूर हो जाते थे.

ऐसा ही एक वीडियो इस समय वायरल हो रहा है. इसमें नाना मौत को लेकर बात कर रहे हैं. लेकिन यह बातचीत दुख या निराशा की नहीं है. यह जिंदगी को समझने वाले एक ऐसे इंसान की बात है, जिसने जीवन और मौत दोनों को इख्तियार कर लिया था.

उतनी ही लकड़ी लगनी है…

वीडियो में नाना कहते हैं,

कल जाना ही है. हमको 12 मन लकड़ी लगने वाली है. उतनी ही लगनी है. यह मेरी फाइनल प्रॉपर्टी है. मैंने अपनी लकड़ी जमा करके रखी है. बेटा उसमें जलाना. गीली लकड़ी मत इस्तेमाल करना. नहीं तो धुआं आएगा. लोग जमा होंगे, उनकी आंखों में पानी आएगा और मरते वक्त गलतफहमी होगी कि मेरे लिए रो रहे हैं. कम से कम मरते वक्त गलतफहमी नहीं होनी चाहिए.

नाना के इस बात के अंदर जिंदगी का गहरा दर्शन छिपा है. नाना मानो यह कहना चाहते थे कि इंसान को अपने बारे में भ्रम नहीं पालना चाहिए. न जीते जी और न ही आखिरी समय में. जीवन की सच्चाई को जितनी जल्दी स्वीकार कर लिया जाए इंसान उतना ही खुद को हल्का और आजाद महसूस करेगा.

संघर्ष और आलोचना के बीच चुनी जिंदगी

नाना पाटेकर की पूरी जिंदगी इसी सोच का उदाहरण रही. उन्होंने सफलता देखी, लोकप्रियता देखी, संघर्ष देखा और आलोचनाएं भी झेलीं. लेकिन शायद ही कभी उन्होंने अपने व्यक्तित्व पर कोई नकाब चढ़ाने की कोशिश की हो. वह जैसे थे वैसे ही लोगों के सामने रहे. उनके पास 27 एकड़ में फैला फॉर्महाउस भी था तो मुंबई में 1 BHK का फ्लैट भी. जहां वो अपनी मां के साथ तबतक रहे जबतक उनकी मौत नहीं हो गई. यही वजह है कि उन्हें चाहने वाले सिर्फ उनकी फिल्मों के प्रशंसक नहीं थे, बल्कि उनके विचारों के भी कायल थे.

आज जब लोग उनके नाना के वीडियो को देख रहे हैं, तो उसमें सिर्फ एक अभिनेता की आवाज नहीं सुनाई देती. उसमें एक ऐसे व्यक्ति की आवाज सुनाई देती है, जिसने जिंदगी को बहुत करीब से समझा था. जिसने यह जान लिया था कि अंत सबका तय है, इसलिए सबसे जरूरी है कि इंसान अपने हिस्से का जीवन ईमानदारी से जी ले.

जिंदगी के किरदार को दी शब्दों की धार

नाना पाटेकर का सफर सिर्फ पर्दे पर निभाए गए किरदारों का सफर नहीं था. वो उन दुर्लभ लोगों में थे जिन्होंने अपनी सादगी, बेबाकी और जीवन दर्शन से भी लोगों के दिलों में जगह बनाई. शायद इसलिए कहा जाता है कि कुछ लोग दुनिया से चले जाने के बाद भी खत्म नहीं होते. उनके शब्द, उनके विचार और उनकी सीख लोगों के बीच जिंदा रहती है.

ये भी पढ़ें- ‘सुशांत सिंह राजपूत केस में बॉलीवुड के खोले थे राज…’, बेबाक नाना पाटेकर का निधन, पुणे के 27 एकड़ वाले फार्महाउस में अंतिम संस्कार

नाना पाटेकर भी ऐसे ही जिंदादिल लोगों में से थे. एक अभिनेता, एक विचार और एक ऐसी शख्सियत, जिसने हंसते-हंसते जिंदगी की सबसे बड़ी सच्चाई समझा दी कि मरते वक्त गलतफहमी नहीं होनी चाहिए.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read