Bharat Express DD Free Dish

रियाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को क्यों लेना पड़ा दिल्ली यू-टर्न? इंडिगो ने भी रद्द की उड़ानें

सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद एयर इंडिया और इंडिगो ने 10 अक्टूबर तक रियाद की सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं. दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को अरब सागर के ऊपर से ही वापस मोड़ना पड़ा.

Air India IndiGo Cancel Riyadh Flights After Houthi Attacks In Saudi Arabia

पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा किए गए ताबड़तोड़ हमलों के बाद भारतीय एयरलाइंस कंपनियों ने बड़ा फैसला लिया है. एयर इंडिया, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 10 अक्टूबर तक रियाद के लिए अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं. कंपनियों ने प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड या फ्री री-शेड्यूलिंग की सुविधा देने का ऐलान किया है.

यह कदम तब उठाया गया जब हूती विद्रोहियों ने वैश्विक एयरलाइंस को सऊदी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल न करने की सख्त चेतावनी दी और इस इलाके को अपना ‘टारगेट जोन’ घोषित कर दिया.

अरब सागर से वापस दिल्ली मुड़ी एयर इंडिया की फ्लाइट

रियाद में बिगड़ते हालात और सुरक्षा जोखिमों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गुरुवार को दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI2243) को हवा में ही यू-टर्न लेना पड़ा. यह विमान गुजरात से आगे अरब सागर के ऊपर उड़ रहा था, तभी रियाद में धमाकों और हूती हमलों की खबर के बाद पायलटों ने एहतियातन प्लेन को वापस दिल्ली की तरफ मोड़ दिया.

गौरतलब है कि बुधवार को रियाद और आभा एयरपोर्ट पर हुए हूती हमलों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद से पूरे इलाके में अलर्ट जारी है.

एयरपोर्ट जाने से पहले एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह

सऊदी राजधानी में कई जगह धमाकों की खबरों के बाद रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों के लिए गाइडलाइन जारी की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी एयरलाइन से संपर्क कर फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें.

विमानन कंपनियों का कहना है कि वे इस संवेदनशील इलाके की स्थिति पर लगातार बारीक नजर बनाए हुए हैं और हालात सामान्य होने पर ही उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: पटना में तेजस्वी का मार्च, लखनऊ में कांग्रेस का हल्लाबोल; ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़कों पर उतरा विपक्ष

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read