सांकेतिक फोटो-सोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में 32 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई. घटना बेवर इलाके के काजी टोला मोहल्ले की है. युवक की पहचान मोहम्मद आजम उर्फ शहंशाह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसने इंस्टाग्राम पर फिल्म ‘मिर्जापुर’ के एक डायलॉग से जुड़ा स्टेटस लगाया था. इसके कुछ समय बाद घर के कमरे में गोली चलने की आवाज सुनाई दी. हालांकि, स्टेटस और घटना के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, आजम दिल्ली की एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था. वह कुछ काम से जयपुर गया हुआ था और गुरुवार को ही अपने घर लौटा था. वह अपने ननिहाल में बनवाए गए अलग मकान में परिवार के साथ रहता था.
शुक्रवार को घर में वह अकेला था. उसकी मां माहजमा और दो बहनें रिश्तेदारी में गुरसहायगंज गई हुई थीं, जबकि उसके पिता और भाई जयपुर में थे. दोपहर करीब 12 बजे अचानक उसके कमरे से गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी.
आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घर पहुंचे. कमरे में आजम खून से लथपथ हालत में बेड पर पड़ा मिला. पड़ोसी उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बेवर ले गए. वहां से डॉक्टरों ने उसे सैफई रेफर कर दिया. लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
इंस्टाग्राम स्टेटस की भी हो रही चर्चा
घटना से पहले आजम ने इंस्टाग्राम पर ‘लव ही तो है, लाइफटाइम थोड़े ही रहेगा’ स्टेटस लगाया था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसने बेड पर लेटकर अपने सीने के दाईं ओर तमंचा रखकर गोली चलाई थी. हालांकि, इस कदम के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

परिजनों ने आजम के पुराने रिश्ते का भी जिक्र किया है. उसके मामा शमशाद अली के मुताबिक, करीब 10 साल पहले आजम का चमनगंज की रहने वाली रुबीना से प्रेम संबंध था. लगभग तीन साल पहले रुबीना की शादी कानपुर के बिल्हौर निवासी अहमद से हो गई थी. परिजनों का दावा है कि शादी के बाद भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी.
परिवार की ओर से यह आरोप भी लगाया गया है कि रुबीना आजम पर 70 हजार रुपये लौटाने के लिए फोन करके दबाव बना रही थी. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि कथित पैसों के विवाद का घटना से कोई संबंध था या नहीं.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और आजम के परिजन मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मैनपुरी जिला अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं.
बेवर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि युवक के आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा गया आरा, बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रहे कारोबारी के सिर में मारी गोली
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

