Bharat Express DD Free Dish

हिरासत में महात्मा गांधी के परपोते, EC के खिलाफ प्रदर्शन से पहले पुलिस का एक्शन

Tushar Gandhi Arrest: चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया. दिल्ली में CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच मुंबई में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

Mahatma Gandhi's great-grandson detained

हिरासत में महात्मा गांधी के परपोते

Tushar Gandhi Arrest: महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को मुंबई पुलिस ने शनिवार (10 अक्टूबर 2026) को हिरासत में ले लिया. तुषार गांधी चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे. जानकारी के अनुसार, वे अगस्त क्रांति मैदान की ओर जा रहे थे, तभी नेशनल कॉलेज के पास पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया. इसी दिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन आयोजित किया गया है, जिसके मद्देनजर मुंबई में प्रशासन पहले से सतर्क नजर आया.

दिल्ली के प्रदर्शन का असर

दिल्ली में होने वाले आंदोलन को देखते हुए मुंबई पुलिस ने शहर के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है. खास तौर पर दादर स्थित शिवाजी पार्क के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है. इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित विरोध प्रदर्शन की स्थिति से निपटा जा सके.

शिवाजी पार्क पर प्रशासन की विशेष नजर

पुलिस को आशंका है कि पहले की तरह एक बार फिर CJP से जुड़े लोग और अन्य समूह शिवाजी पार्क में एकत्र हो सकते हैं. दरअसल, 2 अक्टूबर को इसी मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान तुषार गांधी मंच पर मौजूद थे. इसी वजह से प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता. शिवाजी पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि प्रदर्शनकारी पार्क के भीतर प्रवेश न कर सकें.

आजाद मैदान के लिए ही है प्रदर्शन की अनुमति

मुंबई में विरोध प्रदर्शनों के लिए आमतौर पर आजाद मैदान को अधिकृत स्थल माना जाता है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को आजाद मैदान में किसी प्रदर्शन के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. दूसरी ओर, तुषार गांधी और कुछ संगठनों ने गिरगांव स्थित अगस्त क्रांति मैदान में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन आयोजित करने की अनुमति मांगी थी. हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इसकी मंजूरी नहीं दी गई थी.

तुषार गांधी का क्या आरोप है?

इससे पहले तुषार गांधी, जो लेखक होने के साथ-साथ ‘हम भारत के लोग’ संगठन से भी जुड़े हैं, ने आरोप लगाया था कि मुंबई पुलिस उन्हें और उनके सहयोगियों को फोन कर प्रस्तावित आंदोलन रद्द करने के लिए कह रही है. उन्होंने दावा किया कि प्रशासन की ओर से प्रदर्शन वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था.

ये भी पढ़ें-‘लव ही तो है, लाइफटाइम थोड़े ही रहेगा…’, स्टेटस लगाने के कुछ घंटों बाद युवक ने खुद को मारी गोली, जानिए क्या है पूरा मामला?

गिरफ्तारी की चेतावनी के बावजूद पीछे हटने से इनकार

तुषार गांधी ने साफ कहा था कि वे भारतीय लोकतंत्र की रक्षा के समर्थन में जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के पक्ष में 10 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे विरोध प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने कहा कि यदि इसके लिए उन्हें गिरफ्तार भी किया जाता है तो वे पीछे नहीं हटेंगे. सविनय अवज्ञा और सत्याग्रह के सिद्धांतों का हवाला देते हुए उन्होंने नारा दिया, “ज्ञानू, शाह, मोदी चले जाओ!”. साथ ही उन्होंने मुंबई के नागरिकों से भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read