Bharat Express DD Free Dish

कांग्रेस मुख्यालय में बवाल: अजय राय और ममता चौधरी समर्थकों में भिड़ंत, जूते लेकर हुआ विरोध

UP Congress Clash: लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच जमकर हंगामा हुआ.

Uproar at Congress Headquarters

कांग्रेस मुख्यालय में घमासान

UP Congress Clash: लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को उस समय माहौल गर्म हो गया जब पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तीखा विवाद सामने आ गया. दरअसल, यूपी कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसी कार्यक्रम के दौरान महिला प्रदेश अध्यक्ष और पार्षद ममता चौधरी के समर्थकों तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थकों के बीच तनातनी हो गई.

अजय राय के पहुंचते ही शुरू हुआ हंगामा

बताया जा रहा है कि जैसे ही अजय राय कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे, उसी दौरान विवाद की शुरुआत हो गई. अजय राय गुट का आरोप है कि ममता चौधरी की ओर से उनके नेता के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया. इस बात से नाराज अजय राय के समर्थकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ समर्थक हाथों में जूते लेकर नारेबाजी करते नजर आए.

वरिष्ठ नेताओं से की गई शिकायत

घटना के बाद अजय राय ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि इस तरह के व्यवहार से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचता है. अजय राय का कहना था कि अगर ऐसे लोग संगठन में बने रहेंगे तो पार्टी का माहौल खराब होगा. उन्होंने ममता चौधरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से बाहर करने की मांग भी रखी. सूत्रों के मुताबिक उन्हें मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया है.

एक सवाल से शुरू हुआ पूरा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजय राय अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे. भीड़ अधिक होने की वजह से उनके समर्थक लोगों से रास्ता खाली करने की अपील कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने कहा कि ‘अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए.’

बताया जाता है कि इस पर ममता चौधरी की ओर से सवाल किया गया कि ‘कौन अध्यक्ष?’ इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ता चला गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया.

ये भी पढ़ें-शारदीय नवरात्रि पर अयोध्या में भक्ति का सैलाब: भगवान राम की कुलदेवी मां बड़ी देवकाली मंदिर में उमड़े श्रद्धालु

मारपीट और जूता फेंकने की भी चर्चा

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, कहासुनी जल्द ही झड़प में बदल गई. दोनों गुटों के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने की बात सामने आई है. इतना ही नहीं, जूता फेंके जाने की चर्चा भी रही. कार्यक्रम के दौरान हुए इस हंगामे ने कांग्रेस संगठन के भीतर चल रही खींचतान को एक बार फिर सार्वजनिक कर दिया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read