Rewari Uber Cab Robbery: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में शौक पूरे करने के लिए अपराध की दुनिया में कदम रखने वाले एक रईसजादे का कारनामा सामने आया है. यहां एक जिला पार्षद के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर महज मौज-मस्ती और ऐशो-आराम के लिए उबर कैब लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया.
हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी सर्विलांस के चलते महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी और उसके साथी कानून के शिकंजे में फंस गए.
शराब पीते-पीचे रची लूट की योजना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना शनिवार देर शाम की है. जिला पार्षद का बेटा जतिन अपने साले और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पोसवाल चौक स्थित एक होटल में बैठकर शराब पार्टी कर रहा था. इसी दौरान पार्टी में बैठे-बैठे इन लड़कों के दिमाग में शॉर्टकट तरीके से रुपये कमाने और शौक पूरे करने का अजीब भूत सवार हुआ और उन्होंने उबर कैब लूटने की साजिश रच डाली.
योजना के तहत आरोपियों ने पोसवाल चौक से ही एक उबर कैब बुक की. कैब जैसे ही सुनसान इलाके में पहुंची, उन्होंने डालियाकी गांव के पास चालक के साथ जमकर मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी से नीचे उतार दिया. जाते-जाते आरोपी चालक के पास रखे करीब 20 हजार नकदी और उसकी कैब लेकर फरार हो गए.
CCTV ने खोली पोल
वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ आरोपी मानेसर के एक होटल में पहुंचे और रातभर रुकने के बाद अगली सुबह अपनी लूटी हुई गाड़ी वहीं छोड़कर दूसरी कैब से वापस रेवाड़ी की तरफ निकल पड़े. उधर, घटना के तुरंत बाद पीड़ित ड्राइवर ने रात में ही थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई.
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपियों की पहचान साफ हो गई. जैसे ही आरोपी कैब बदलकर रेवाड़ी पहुंचे, पहले से सतर्क बैठी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा. इस सनसनीखेज खुलासे के बाद रेवाड़ी की एएसपी आईपीएस दीपिका अग्रवाल ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि इस पूरी गैंग का मास्टरमाइंड जिला पार्षद का बेटा जतिन ही है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात की रूपरेखा तैयार की थी. फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो स्टेशन बंद करने का फैसला कौन करता है? जानिए पुलिस, DMRC और कानून की पूरी प्रक्रिया
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

