Bharat Express DD Free Dish

महिलाओं के कपड़ों में एंबुलेंस से पहुंचे ATM, तेलंगाना में चोरों ने अनोखे तरीके से की चोरी; देखें CCTV फूटेज

तेलंगाना के कामारेड्डी में चोरों ने एम्बुलेंस में पहुंचकर और महिलाओं की नाइटी पहनकर SBI का एटीएम लूट लिया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.

Telangana Kamareddy ATM Robbery Men Wearing Nightie Ambulance SBI

PHOTO CREDIT: X (formerly Twitter)

Telangana Kamareddy ATM Robbery: फिल्मों में तो आपने चोरों के कई अनोखे अंदाज देखे होंगे, लेकिन तेलंगाना के कामारेड्डी जिले से जो मामला सामने आया है, उसने पुलिस और आम जनता दोनों को हक्का-बक्का कर दिया है. यहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक एटीएम को निशाना बनाने के लिए चोरों ने जो तरीका अपनाया, उसके बारे में जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. चोर कोई आम गाड़ी से नहीं, बल्कि एक एम्बुलेंस में सवार होकर आए थे और सबसे मजेदार बात यह है कि उन्होंने पुलिस को चकमा देने के लिए महिलाओं की नाइटी और चेहरे पर मास्क पहन रखे थे.

एम्बुलेंस से पहुंचे और गैस कटर से काटा ATM

यह पूरी घटना रविवार तड़के करीब 1 से 1:30 बजे के बीच की है. CCTV फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि एक एम्बुलेंस चुपचाप एटीएम के सामने आकर रुकती है. उसमें से कुछ लोग उतरते हैं, जिन्होंने नाइटी पहन रखे होते हैं. इसके बाद इन शातिर चोरों ने कटर की मदद से SBI के ATM को काटा और अंदर रखा सारा कैश समेटकर मौके से फरार हो गए.

सुबह जब आसपास के लोगों ने एटीएम मशीन को बुरी तरह टूटा हुआ देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक (क्लूज) टीम मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए.

फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल की गई एम्बुलेंस असली थी या चोरों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए इसका इस्तेमाल सिर्फ दिखावे के लिए किया था.

पिछली वारदातों से जुड़े तार

पुलिस अब आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि चोरों के आने और भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि एटीएम से कुल कितनी नकदी चोरी हुई है, बैंक अधिकारियों के मिलान के बाद ही सही आंकड़े का खुलासा हो पाएगा.

दिलचस्प बात यह है कि कुछ हफ्ते पहले ही 19 सितंबर को करीमनगर के बाहरी इलाके में भी ऐसे ही मामलों का खुलासा हुआ था, जहां चोरों ने इसी अंदाज में गैस कटर का इस्तेमाल कर और महिलाओं के कपड़े पहनकर दो एटीएम को निशाना बनाया था. फिलहाल कामारेड्डी पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

यह भी पढ़ें: CEC पर घमासान: सुप्रीम कोर्ट मार्च से पहले रोका गया INDIA ब्लॉक, राहुल गांधी की टीम ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read