Bharat Express DD Free Dish

धारावी के लोगों के लिए बड़ी शुरुआत, 10,432 नए घरों का निर्माण शुरू; अडाणी समूह ने किया भूमिपूजन

Dharavi Redevelopment Project: अडाणी समूह ने मुंबई के माटुंगा में धारावी पुनर्विकास परियोजना के तहत 10,432 पुनर्वास घरों और 1,379 वाणिज्यिक इकाइयों के निर्माण की शुरुआत कर दी है.

Dharavi redevelopment gains momentum

धारावी पुनर्विकास को मिली रफ्तार

Dharavi Redevelopment Project: मुंबई के धारावी पुनर्विकास प्रोजेक्ट को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया है. 12 अक्टूबर को अडानी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर प्रणव अडाणी ने माटुंगा में 22 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले पुनर्वास आवासीय प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया. इसके साथ ही धारावी के पात्र निवासियों के लिए 10,432 नए घरों के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई. यह परियोजना एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्तियों में शामिल धारावी के पुनर्विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

10 टावरों में बनेंगे हजारों घर और व्यावसायिक इकाइयां

अडाणी नवनिर्माण डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड (ANDPL) द्वारा इस परियोजना को लागू किया जा रहा है. यह कंपनी धारावी रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के लिए बनाई गई विशेष इकाई है. योजना के तहत 10 ऊंचे टावर तैयार किए जाएंगे, जिनमें 10,432 पुनर्वास आवास होंगे. इसके अलावा 1,379 वाणिज्यिक और औद्योगिक यूनिट्स भी विकसित की जाएंगी ताकि स्थानीय व्यवसायों को भी नई जगह मिल सके.

परिवारों को बेहतर भविष्य देने का दावा

भूमिपूजन के दौरान प्रणव अडाणी ने कहा कि हर परिवार का सपना सुरक्षित घर में रहने का होता है, जहां वह अपने भविष्य की योजना बना सके. उन्होंने कहा कि धारावी के लोगों की जरूरतों को समझते हुए यह परियोजना तैयार की जा रही है. उनके मुताबिक, नए आवासीय परिसर केवल मकान नहीं होंगे, बल्कि ऐसे समुदाय होंगे जहां परिवार बेहतर जीवन जी सकेंगे और बच्चों के लिए उज्ज्वल भविष्य तैयार कर पाएंगे.

पात्र निवासियों को मिलेगा 350 वर्ग फुट का घर

इन-सीटू पुनर्वास योजना के तहत योग्य निवासियों को 350 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाले आवास दिए जाएंगे. जानकारी के अनुसार, सेक्टर-6 और सेक्टर-1 के निवासियों को सबसे पहले माटुंगा में तैयार घरों का लाभ मिलेगा. इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर धारावी के अन्य पात्र परिवारों के लिए करीब 4,500 अतिरिक्त फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे.

तीन चरणों में होगा टावरों का हस्तांतरण

महाराष्ट्र सरकार के धारावी पुनर्विकास प्राधिकरण और स्लम पुनर्वास प्राधिकरण को ये टावर तीन चरणों में सौंपे जाएंगे. पहले पांच टावर मार्च 2029 तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बाद दो टावर अगस्त 2029 तक और बाकी तीन टावर अगस्त 2030 तक सौंपे जाने की योजना है.

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परिसर

हर टावर में 37 से 39 मंजिलें होंगी. निवासियों की सुविधा के लिए 10 से 12 यात्री लिफ्ट और दो विशेष फायर लिफ्ट लगाई जाएंगी. वाणिज्यिक और औद्योगिक इकाइयों के लिए दो अतिरिक्त लिफ्ट की व्यवस्था भी होगी. परियोजना में किंडरगार्टन, कम्युनिटी हॉल, पॉडियम गार्डन, बैठने के स्थान, सोसायटी कार्यालय और पूजा स्थलों जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी.

रखरखाव की जिम्मेदारी भी अडाणी समूह पर

परियोजना के तहत प्रत्येक पुनर्वास भवन में 10 प्रतिशत व्यावसायिक क्षेत्र सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे साझा सुविधाओं के रखरखाव के लिए राजस्व उत्पन्न किया जा सके. इसके अलावा ANDPL भवनों और कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर की देखभाल हस्तांतरण के बाद अगले 10 वर्षों तक करेगी.

देश-विदेश के विशेषज्ञों का मिला सहयोग

इस बड़े प्रोजेक्ट की योजना और डिजाइन तैयार करने में अमेरिका की सासाकी, ब्रिटेन की ब्यूरो हैपोल्ड, मुंबई की स्टूडियोपीओडी, प्रसिद्ध वास्तुकार हफीज कॉन्ट्रैक्टर, P&T, ARC स्टूडियो तथा सिंगापुर के शहरी नियोजन विशेषज्ञों का सहयोग लिया गया है. इसका उद्देश्य आधुनिक और व्यवस्थित शहरी ढांचा विकसित करना है.

एक्सपीरियंस सेंटर ने दिखाई भविष्य की झलक

भूमिपूजन कार्यक्रम से पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गांधी जयंती पर धारावी एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन किया था. 22,500 वर्ग फुट में फैला यह केंद्र लोगों को प्रस्तावित पुनर्विकास परियोजना की झलक दिखाता है. यहां जीवन आकार के मॉडल घर, 3डी वॉकथ्रू और इंटरैक्टिव डिस्प्ले के जरिए भविष्य के आवास, कार्यस्थलों, परिवहन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी जाती है.

ये भी पढ़ें-अडाणी ग्रामोत्सव में दिखी गांव की रौनक, खेल-कूद और लोकगीतों ने बांधा समां

एक करोड़ से अधिक आबादी वाले क्षेत्र में बड़ा बदलाव

धारावी में 10 लाख से अधिक लोग रहते हैं और यहां बड़ी संख्या में छोटे उद्योग एवं कारोबार संचालित होते हैं. पुनर्विकास योजना का उद्देश्य बेहतर मकान, मजबूत नागरिक सुविधाएं और आधुनिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना है. साथ ही स्थानीय रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों को बनाए रखते हुए लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read