लखनऊ: सोमवार की शाम राजधानी के पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ओमेक्स न्यू हजरतगंज में हड़कंप मच गया. यहां के होटल सेलेश्टियल की 10वीं मंजिल से नीचे गिरकर 24 वर्षीय समरीन नाम की युवती की जान चली गई. इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे पूरे होटल में अफरातफरी मच गई. वारदात के तुरंत बाद मृतका के साथ ठहरा युवक चुपचाप वहां से फरार हो गया.
होटल में कैसे पहुंचा मामला?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चौक इलाके की रहने वाली समरीन सोमवार दोपहर करीब 11:46 बजे सुल्तानपुर के रहने वाले अवनीश के साथ इस होटल में आई थी. दोनों ने होटल का कमरा नंबर 1037 बुक किया था. इसके बाद शाम करीब 6 बजे अचानक समरीन 10वीं मंजिल की बालकनी से नीचे आ गिरी. घटना के तुरंत बाद युवक वहां से रफूचक्कर हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
समरीन के परिवार में अब गहरा मातम छाया हुआ है. घर में पांच बहनें और दो भाई हैं, जिनमें से दोनों भाई विदेश (सऊदी अरब और ओमान) में जरदोजी का काम संभालते हैं. करीब 16 साल पहले उनके पिता का मुंबई में इंतकाल हो चुका था, जिसके बाद से समरीन अपनी मां और बहनों के साथ ही रहती थी.
परिजनों ने बताया कि समरीन सोमवार सुबह करीब 11 बजे अपनी छोटी बहन हबीबा के लिए कपड़े खरीदने की बात कहकर घर से निकली थी. उसकी जिंदगी पहले से ही काफी तनाव में थी. करीब छह साल पहले चौपटिया तंबाकू मंडी के पास उसकी शादी हुई थी. शादी के बाद एक बच्चा भी हुआ था, लेकिन महज छह महीने की उम्र में उसकी मौत हो गई. इसके बाद से पति-पत्नी में विवाद बढ़ने लगा और मामला कोर्ट तक पहुंच गया, जिसकी मंगलवार को पेशी भी होनी थी.
रोते-बिलखते हुए मृतका की मां ने सवाल उठाया, “हमारी बच्ची को क्यों मारा? अगर वह उससे प्यार करता था, तो उसे अपने साथ रख लेता… जान क्यों ले ली? किसी लड़की से ऐसी क्या दुश्मनी हो सकती है कि उसे 10वें माले से नीचे फेंक दिया जाए?”
हत्या की साजिश का गंभीर आरोप
वहीं, मृतका के मौसा मोहम्मद शकील ने इस पूरे मामले को एक सोची-समझी साजिश और हत्या करार दिया है. उनका आरोप है कि आरोपी पिछले चार महीने से समरीन को लगातार परेशान कर रहा था और बहला-फुसलाकर उसे होटल ले गया था. परिवार का शक है कि पहले समरीन की हत्या की गई और फिर इस खौफनाक वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे 10वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया गया.
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मृतका और आरोपी के बैकग्राउंड, कॉल डिटेल्स और आपसी रिश्तों की बारीकी से जांच कर रही है. यह मामला खुदकुशी का है, किसी हादसे का या फिर कोई गहरी आपराधिक साजिश—इन सभी पहलुओं पर पुलिस गहराई से पड़ताल कर रही है. परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार युवक की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






