क्रिकेट में बदला बोल्ड का नियम!
Cricket Rules Change: क्रिकेट के नियम समय के साथ बदलते रहते हैं और अब बल्लेबाज के बोल्ड होने से जुड़ा एक दिलचस्प नियम भी बदल दिया गया है. खेल के नियम तय करने वाली संस्था मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने स्पष्ट किया है कि कुछ खास परिस्थितियों में स्टंप्स गिरने के बावजूद बल्लेबाज को बोल्ड आउट नहीं माना जाएगा. इस बदलाव की जानकारी एमसीसी के अध्यक्ष फ्रेजर स्टीवर्ट ने एक वीडियो के जरिए दी.
आखिर क्या है नया बोल्ड नियम?
नए नियम के अनुसार यदि बल्लेबाज शॉट खेलता है और गेंद पहले नॉन-स्ट्राइकर एंड की स्टंप्स से टकराती है, फिर वहां से लुढ़कते हुए वापस बैटिंग एंड की विकेट पर लगकर बेल्स गिरा देती है, तो बल्लेबाज को आउट नहीं दिया जाएगा. पहले ऐसी स्थिति में बल्लेबाज को बोल्ड माना जाता था, लेकिन अब इस नियम में संशोधन कर दिया गया है.
एक मैच की घटना बनी बदलाव की वजह
फ्रेजर स्टीवर्ट ने एक जूनियर काउंटी मैच का उदाहरण देते हुए बताया कि एक बल्लेबाज के शॉट के बाद गेंद नॉन-स्ट्राइकर छोर की स्टंप्स से टकराई थी. इसके बाद गेंद वापस रोल होकर बल्लेबाज की ओर आई और बैटिंग एंड की विकेट्स को भी गिरा दिया. उस समय मौजूद नियमों के आधार पर बल्लेबाज को आउट करार दिया गया था. हालांकि एमसीसी ने बाद में इस तरह की दुर्लभ घटना पर विचार करते हुए नियमों में बदलाव का फैसला किया.
अब खत्म हुई इस तरह की उलझन
क्रिकेट में इस तरह का मामला बहुत कम देखने को मिलता है, लेकिन तकनीकी रूप से बल्लेबाज के आउट होने की संभावना बनी रहती थी. नए नियम के लागू होने के बाद ऐसी स्थिति में किसी भी तरह का विवाद या भ्रम नहीं रहेगा. एमसीसी का मानना है कि इससे नियम और अधिक स्पष्ट बनेंगे.
A small but curious change to the bowled law 📝 https://t.co/Y8t4kZGtRs
— Cricinfo (@cricinfo) October 12, 2026
1 अक्टूबर से कई और नए नियम भी लागू
एमसीसी ने सिर्फ बोल्ड के नियम में ही बदलाव नहीं किया है, बल्कि खेल से जुड़े कई अन्य प्रावधानों को भी संशोधित किया है. 1 अक्टूबर से लागू नियमों के मुताबिक यदि कोई बल्लेबाज अगली गेंद का सामना करने से पहले जानबूझकर समय बर्बाद करता है तो पहली दो बार उसे चेतावनी दी जाएगी. इसके बाद भी गलती दोहराने पर फील्डिंग टीम को 5 पेनल्टी रन दिए जाएंगे.
डे टेस्ट और टेस्ट मैचों में भी बदलाव
नए नियमों के अनुसार दोनों कप्तानों की सहमति होने पर डे टेस्ट मुकाबलों में पिंक बॉल का उपयोग किया जा सकेगा. वहीं टेस्ट मैच के आखिरी ओवर में यदि कोई बल्लेबाज आउट हो जाता है, तो खेल तुरंत समाप्त नहीं होगा. उसकी जगह नया बल्लेबाज मैदान पर आएगा और ओवर की बाकी गेंदों का सामना करेगा. एमसीसी ने ऐसे कई बदलावों के जरिए क्रिकेट के नियमों को और अधिक स्पष्ट और व्यावहारिक बनाने की कोशिश की है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



