श्रद्धा दुबे के साथ बहन रश्मि भी फरार
Shiva Sharma Case: लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में फ्लैट से गिरकर जान गंवाने वाले युवक शिवा शर्मा का मामला हर दिन नए खुलासों के साथ चर्चा में बना हुआ है. इस हाई-प्रोफाइल केस में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे पहले से ही मुख्य आरोपियों में शामिल है, लेकिन अब उसकी सगी बहन रश्मि दुबे का नाम भी जांच के केंद्र में आ गया है. पुलिस लगातार दोनों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब तक वे गिरफ्तारी से बची हुई हैं और नेपाल पहुंच चुकी हैं.
बैंक की नौकरी से सोशल मीडिया की दुनिया तक
जांच के दौरान सामने आई जानकारी के मुताबिक, रश्मि दुबे पहले एक निजी बैंक में नौकरी करती थी और सामान्य कॉरपोरेट जीवन जी रही थी. बताया जा रहा है कि जब उसने अपनी बहन श्रद्धा दुबे की सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता, रील्स की पहुंच और लाखों फॉलोअर्स का प्रभाव देखा, तो वह भी इसी दुनिया का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित हुई. इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ानी शुरू की. धीरे-धीरे उसकी पहचान भी बढ़ी और उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 15 हजार से अधिक फॉलोअर्स जुड़ गए.
घटना वाली रात हुईं कई लंबी बातचीत
पुलिस सूत्रों का कहना है कि 9 अक्टूबर की शाम शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के समय और उसके तुरंत बाद कई अहम फोन कॉल किए गए थे. जांच में यह बात सामने आई है कि रश्मि और श्रद्धा ने अपने करीबी दोस्तों अमीर और आदिल से लंबी बातचीत की थी. इन कॉल डिटेल्स को अब जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है.
भागने के लिए बनाई गई थी खास योजना
जांच एजेंसियों को शक है कि इन्हीं बातचीतों के दौरान आगे की रणनीति तैयार की गई थी. आरोप है कि मामले को दबाने और पुलिस की पहुंच से दूर जाने की योजना पहले ही बना ली गई थी. इसके बाद रश्मि, श्रद्धा और उनका दोस्त आदिल कार से सीतापुर और लखीमपुर होते हुए भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रुपईडीहा पहुंच गए.
बॉर्डर पर मिली कार, पैदल पार की सीमा
पुलिस को सोमवार को बॉर्डर क्षेत्र की एक निजी पार्किंग में उनकी स्कॉर्पियो लावारिस हालत में मिली. इसके बाद जांच में पता चला कि वाहन छोड़ने के बाद तीनों ने पैदल ही सीमा पार की और नेपाल में प्रवेश कर गए. इस सुराग के बाद पुलिस ने अपनी जांच का दायरा और बढ़ा दिया है.
सीसीटीवी में कैद हुई फरारी
नेपाल के महीम नगर बस स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में रश्मि और श्रद्धा एक साथ नजर आई हैं. वीडियो में आदिल भी उनके साथ दिखाई दे रहा है. फुटेज ने यह साफ कर दिया कि तीनों भारत छोड़कर नेपाल पहुंच चुके थे और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे.
बढ़ रहे फॉलोअर्स, तलाश में जुटी पुलिस
हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त पुलिस दोनों बहनों की तलाश कर रही है, उसी दौरान सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता बढ़ती दिख रही है. घटना के बाद श्रद्धा दुबे के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 141K से बढ़कर 142K हो गए हैं. वहीं रश्मि की प्रोफाइल पर भी लोगों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है.
ये भी पढ़ें-परमिंदर सिंह झोटा मर्डर केस: पंजाब बंद का मानसा में दिखा भारी असर, सड़कें सुनसान और बाजार पूरी तरह ठप
शिवा की बहन ने लगाए गंभीर आरोप
उधर, मृतक शिवा शर्मा की बहन ने श्रद्धा दुबे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि श्रद्धा प्रभावशाली और रसूखदार युवकों को अपने जाल में फंसाकर उनसे वसूली करती है. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है. दोनों बहनों और उनके सहयोगियों तक पहुंचने के लिए पुलिस की 17 सदस्यीय टीमें अलग-अलग जगहों पर लगातार छापेमारी और तलाश अभियान चला रही हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



