Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

अमेरिका में पढ़ाई के साथ छप्परफाड़ कमाई! भारतीय छात्र कैंपस में ही कमा रहे 46 लाख तक, जानिए 5 जादुई नौकरियां

US Part-Time Jobs: अमेरिका में पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्र कैंपस के भीतर कौन सी पार्ट-टाइम जॉब करके लाखों रुपये कमा सकते हैं? जानिए उन टॉप-5 नौकरियों के बारे में जो छात्रों की आर्थिक मदद करने के साथ उनका एकेडमिक प्रोफाइल भी मजबूत करती हैं.

US Part-Time Jobs For Students

(PC: Istock)

US Part-Time Jobs For Students: अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले भारतीय छात्रों के सामने रोजमर्रा के खर्चों को संभालना एक बड़ी चुनौती होती है. F-1 वीजा नियमों के तहत छात्र कैंपस के भीतर कई बेहतरीन पार्ट-टाइम नौकरियां करके अपनी पढ़ाई के साथ-साथ शानदार कमाई भी कर सकते हैं.

जॉब सर्च प्लेटफॉर्म इंडीड की रिपोर्ट के अनुसार, डिपार्टमेंट असिस्टेंट, स्टूडेंट एंबेसडर, पीयर मेंटर, लाइब्रेरी असिस्टेंट और टीचिंग असिस्टेंट जैसी नौकरियां छात्रों के लिए बेहद फायदेमंद हैं. इन कैंपस जॉब्स के जरिए छात्र सालाना 26 लाख से 46 लाख रुपये तक की कमाई आसानी से कर सकते हैं.

अमेरिका की टॉप-5 पार्ट-टाइम जॉब, जिसमें लाखों रुपये हो रही कमाई

अमेरिका में हायर एजुकेशन के लिए जाने वाले भारतीय छात्रों के आगे पढ़ाई और नई संस्कृति को समझने के साथ-साथ अपने रोजमर्रा के खर्चों को संभालना एक बड़ी चुनौती होती है. F-1 वीजा के नियमों के तहत भारतीय स्टूडेंट्स कैंपस के बाहर यानी ऑफ-कैंपस जॉब नहीं कर सकते हैं, लेकिन यूनिवर्सिटी के भीतर ही उन्हें जॉब की इजाजत जरूर मिलती है. कैंपस में ही कई सारी ऐसी जॉब्स होती हैं, जिनमें अच्छी कमाई की जा सकती है. जॉब सर्च प्लेटफॉर्म इंडीड ने ऐसी ही 5 नौकरियों की लिस्ट शेयर की है, जो छात्रों के लिए परफेक्ट हैं.

1. डिपार्टमेंट असिस्टेंट (Department Assistant)

अगर आपको चीजों को मैनेज करने और लोगों से बातचीत करने में दिलचस्पी है, तो फिर डिपार्टमेंट असिस्टेंट की जॉब आपके लिए परफेक्ट है. इसमें डिपार्टमेंट के फ्रंट डेस्क को मैनेज करना, छात्रों की प्रोफेसरों या एडवाइजर्स के साथ अपॉइंटमेंट तय करना और गेस्ट लेक्चर जैसी स्पेशल इवेंट्स का आयोजन करना शामिल होता है. इस जॉब में औसत सालाना सैलरी 48,547 डॉलर (लगभग 46 लाख रुपये) तक हो सकती है.

2. स्टूडेंट एंबेसडर (Student Ambassador)

स्टूडेंट एंबेसडर का काम नए स्टूडेंट्स और उनके परिवारों को यूनिवर्सिटी के बारे में जानकारी देना है. उनका काम लोकल हाई स्कूलों में जाकर अपनी यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व करना है. अगर आप मिलनसार हैं और आपको यूनिवर्सिटी के बारे में बात करना पसंद है, तो फिर स्टूडेंट एंबेसडर की जॉब आपके लिए बिल्कुल फिट होगी. इसमें औसत सालाना सैलरी 42,457 डॉलर (लगभग 40.33 लाख रुपये) है.

3. पीयर मेंटर (Peer Mentor)

अमेरिका में पढ़ाई कर रहे भारतीय स्टूडेंट जो पहले से ही वहां के माहौल में ढल चुके हैं, वे दूसरों के लिए गाइड का काम कर सकते हैं. पीयर मेंटर नए स्टूडेंट्स को कॉलेज लाइफ और कैंपस के माहौल में ढलने में मदद करता है. यह स्टूडेंट्स को बताता है कि पढ़ाई से जुड़ी चीजें कहां मिलेंगी और असाइनमेंट कैसे सब्मिट करना है. इसमें औसत सालाना सैलरी 39,184 डॉलर (लगभग 37.22 लाख रुपये) है.

4. लाइब्रेरी असिस्टेंट (Library Assistant)

एक शांत और व्यवस्थित माहौल में काम करना पसंद करने वाले छात्रों के लिए लाइब्रेरी असिस्टेंट की नौकरी सबसे बढ़िया मानी जाती है. इसमें लाइब्रेरी की व्यवस्था बनाए रखना, किताबों को सही जगह पर शेल्फ में रखना, और रिसर्च में मदद मांगने वाले छात्रों को सही किताबें सुझाना शामिल है. इस जॉब के लिए छात्रों को औसत सालाना सैलरी 36,614 डॉलर (लगभग 34.78 लाख रुपये) तक मिल सकती है.

5. टीचिंग असिस्टेंट (Teaching Assistant)

अगर आपकी किसी विषय में अच्छी पकड़ है, तो टीचिंग असिस्टेंट का रोल आपके एकेडमिक प्रोफाइल को बहुत मजबूत बना सकता है. टीचिंग असिस्टेंट प्रोफेसरों को उनकी क्लास में मदद करते हैं, जिसमें प्रोफेसर की अनुपस्थिति में क्लास की देखरेख करना, छात्रों के सवालों के जवाब देना और पेपर, असाइनमेंट व टेस्ट ग्रेड करना शामिल है. इस जॉब में औसत सालाना सैलरी 27,896 डॉलर (लगभग 26.50 लाख रुपये) है.

यह भी पढ़ें-बिहार के पीरू गांव ने दिल्ली को दिखाई नई राह: कंक्रीट के जंगलों में महकी गांव की सोंधी मिट्टी, प्रवासियों के लिए क़ायम की अनूठी मिसाल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital