PNB Credit Card New Rules 2026
PNB Credit Card New Rules 2026: अगर आपके पास पंजाब नेशनल बैंक (PNB) का Visa या RuPay क्रेडिट कार्ड है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. बैंक ने अपने क्रेडिट कार्ड से जुड़े कई नियमों और शुल्कों में बदलाव किया है, जो 1 नवंबर 2026 से लागू होंगे. नए नियमों के तहत बिल भुगतान में देरी, ऑटो-डेबिट फेल होने, चेक बाउंस और पुराने स्टेटमेंट निकलवाने पर ग्राहकों को अतिरिक्त चार्ज देना पड़ सकता है. ऐसे में अगर आप भी PNB क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो नए नियमों को समझना आपके लिए जरूरी है.
लेट पेमेंट पर अब कितना देना होगा चार्ज?
PNB ने क्रेडिट कार्ड के बकाया बिल के आधार पर लेट पेमेंट फीस तय की है. यानी जितनी ज्यादा बकाया राशि होगी, उतना ही अधिक जुर्माना देना पड़ सकता है.
नए शुल्क इस प्रकार हैं:
500 रुपये या उससे कम बकाया पर: कोई चार्ज नहीं.
501 से 1,000 रुपये तक: 500 रुपये.
1,001 से 10,000 रुपये तक: 750 रुपये.
10,001 से 50,000 रुपये तक: 1,000 रुपये.
50,000 रुपये से अधिक: 1,200 रुपये.
इसलिए क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर चुकाना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है.
ऑटो-डेबिट फेल हुआ तो लगेगी 100 रुपये की पेनल्टी
अगर आपने क्रेडिट कार्ड बिल भुगतान के लिए ऑटो-डेबिट की सुविधा ली है या चेक के जरिए पेमेंट करते हैं, तो सावधान हो जाइए. ऑटो-डेबिट या चेक किसी वजह से फेल होने पर बैंक प्रति इंस्ट्रूमेंट 100 रुपये का चार्ज वसूलेगा. वहीं, FD के बदले जारी क्रेडिट कार्ड पर लेट पेमेंट फीस मिनिमम अमाउंट ड्यू का 30 प्रतिशत होगी. यह न्यूनतम 200 रुपये और अधिकतम 500 रुपये प्रति बिलिंग साइकिल हो सकती है.
पुराने स्टेटमेंट के लिए भी देना होगा पैसा
PNB ग्राहकों के लिए एक और बदलाव डुप्लीकेट स्टेटमेंट से जुड़ा है. ऑनलाइन ई-स्टेटमेंट पहले की तरह मुफ्त रहेगा, लेकिन तीन महीने से ज्यादा पुराने डुप्लीकेट स्टेटमेंट के लिए 50 रुपये प्रति महीने का शुल्क देना होगा. इसके अलावा ATM से कैश निकालने, यूटिलिटी बिल भुगतान और रिवॉर्ड पॉइंट रिडेम्पशन से जुड़े शुल्कों में भी संशोधन किया गया है.
PNB क्रेडिट कार्ड ग्राहकों को क्या करना चाहिए?
नए चार्ज से बचने के लिए ग्राहकों को बिल की आखिरी तारीख से 2-3 दिन पहले भुगतान कर देना चाहिए. ऑटो-डेबिट की सुविधा इस्तेमाल करने वालों को खाते में पर्याप्त बैलेंस रखना चाहिए. पुराने स्टेटमेंट की जरूरत पड़ सकती है, इसलिए ईमेल पर आने वाले ई-स्टेटमेंट सुरक्षित रखें.
अलग-अलग क्रेडिट कार्ड वेरिएंट पर शुल्क अलग हो सकते हैं. अपने कार्ड पर लागू सटीक चार्ज और शर्तों की जानकारी के लिए PNB की आधिकारिक वेबसाइट जरूर देखें.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



