महात्मा ज्योतिबा फूले रूहेलखंड यूनिवर्सिटी के 7 बड़े फैसले
महात्मा ज्योतिबा फूले रूहेलखंड विश्वविद्यालय ने कई अहम फैसले लिए हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा उस निर्णय की हो रही है, जिसके तहत अब विश्वविद्यालय की डिग्री, मार्कशीट और अन्य आधिकारिक दस्तावेजों में ‘India’ की जगह केवल ‘Bharat’ लिखा जाएगा. यह फैसला विश्वविद्यालय की नई शैक्षणिक और सांस्कृतिक दिशा को दर्शाने वाला माना जा रहा है.
भारत की ज्ञान परंपरा पर होगा शोध
विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान और परंपराओं के अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए ‘भारत ज्ञान परंपरा अनुसंधान केंद्र’ स्थापित किया जाएगा. इसका उद्देश्य भारतीय बौद्धिक विरासत और सांस्कृतिक धरोहर पर गहन शोध को प्रोत्साहित करना है.
छात्रों के लिए आनंदम् केंद्र
छात्रों के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास को ध्यान में रखते हुए ‘आनंदम् केंद्र’ शुरू करने का निर्णय लिया गया है. यह केंद्र विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सकारात्मक जीवन मूल्यों को मजबूत करने में मदद करेगा.
रोजगार और स्वावलंबन पर फोकस
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘कौशल विकास, उद्यमिता उन्नयन एवं स्वावलंबन प्रकोष्ठ’ बनाया जाएगा. इसके माध्यम से छात्रों को रोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता से जुड़ी नई संभावनाओं से जोड़ा जाएगा.
उद्योग और शिक्षा के बीच बनेगा बेहतर तालमेल
विश्वविद्यालय ने ‘उद्योग-विश्वविद्यालय सहयोग प्रकोष्ठ’ स्थापित करने का फैसला भी लिया है. इसका मकसद छात्रों को उद्योग जगत की जरूरतों के अनुसार तैयार करना और दोनों क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय बनाना है.
नई समितियों का भी गठन
शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए ‘अकादमिक उन्नयन परामर्शदाता समिति’ बनाई जाएगी. वहीं वित्तीय व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के लिए ‘वित्तीय प्रबंधन परामर्शदाता समिति’ का गठन भी किया जाएगा.
इंडस्ट्री स्पॉन्सर्ड कोर्स होंगे शुरू
विश्वविद्यालय एविएशन, खेती और पैरामेडिकल जैसे क्षेत्रों में इंडस्ट्री स्पॉन्सर्ड कोर्स शुरू करने की दिशा में काम करेगा. इसके अलावा ‘प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस’ योजना को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि छात्रों को अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल सके.
बड़े आयोजनों की तैयारी
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विश्वविद्यालय में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके साथ ही महात्मा ज्योतिबा फुले की द्विशताब्दी को भी बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी की जा रही है.
नए पाठ्यक्रमों से जुड़ेंगे छात्र
‘भारतबोध प्रज्ञान श्रृंखला’ की शुरुआत की जाएगी. साथ ही ‘वृद्ध वरदान-विद्यार्थी सारथी’ पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को वरिष्ठ नागरिकों से जोड़ा जाएगा. इसके अलावा ‘समस्या नहीं, समाधान’ पाठ्यक्रम के जरिए युवाओं को समसामयिक चुनौतियों की पहचान कर उनके समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
ये भी पढ़ें-मुरासु चक्रवात बना बड़ा खतरा, 120 KMPH की रफ्तार से आंध्र तट की ओर बढ़ा तूफान, IMD अलर्ट
शिक्षा के साथ संस्कार और नवाचार पर जोर
विश्वविद्यालय के इन फैसलों को केवल शैक्षणिक बदलाव नहीं, बल्कि भारतीय मूल्यों, कौशल विकास, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है. आने वाले समय में ये पहल छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक और सामाजिक रूप से भी मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


