प्रकाश और उल्लास के महापर्व दीपावली के अवसर पर पीएम मोदी ने एक बार फिर अपनी परंपरा निभाते हुए देश के उन वीर जवानों के बीच दीपावली मनाने का निर्णय लिया, जो बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सुरक्षा की कमान संभाले हुए हैं. प्रधानमंत्री के इस विशेष दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारों और स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है.
बस्तर में अब हिंसा के माहौल से बाहर निकल रहा है
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री के ‘एक्स’ पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति स्नेह हमेशा से प्रेरणादायक रहा है.
दीपावली के पावन अवसर पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का बस्तर की धरती पर आगमन और हमारे वीर जवानों के साथ खुशियों का यह पर्व मनाना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है।
जिन जवानों के त्याग, समर्पण और अदम्य साहस से बस्तर नक्सलवाद के अंधकार से मुक्त हुआ है, उनके बीच प्रधानमंत्री जी की उपस्थिति उनके प्रति पूरे देश के सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज बस्तर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। यह दीपावली बस्तर के उज्ज्वल भविष्य और समृद्ध एवं खुशहाल छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई ऊर्जा देगी।
@narendramodi
#ModiInBastar
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) November 8, 2026
सीएम साय ने रेखांकित किया कि पीएम मोदी के मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व में कभी नक्सलवाद के साए में रहने वाला बस्तर अब भय और हिंसा के अंधकार से निकलकर शांति, आपसी विश्वास और विकास के नए रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है.
वीर जवानों के साहस और बलिदान को नमन
अपने सोशल मीडिया संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया था कि जिस बस्तर में कभी आतंक का साया हुआ करता था, आज वहां विकास की एक नई और सुंदर तस्वीर दिखाई दे रही है. इसके साथ ही उन्होंने उन तमाम वीर जवानों के अदम्य साहस, त्याग और तपस्या को भी नमन किया, जिन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है.
ये भी पढ़ें: अटल-आडवाणी की जोड़ी मिलना नामुमकिन, पीएम मोदी के लेख ने खोल दिए कई बड़े पन्ने
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि दीपावली के पावन पर्व पर देश के प्रधानमंत्री का सीधे सुरक्षा बलों के जवानों के बीच पहुंचना उनके मनोबल को और अधिक ऊंचा करेगा. छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सीएम साय ने उम्मीद जताई कि राज्य को लगातार उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा. प्रधानमंत्री का यह दौरा सुरक्षा, विकास और विश्वास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





