Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

9 या 10 नवंबर, कब मनाई जाएगी गोवर्धन पूजा? जानें सही तारीख, पूजा विधि और कृष्ण की कथा

Govardhan Puja 2026: गोवर्धन पूजा 2026 इस बार 10 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी. कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर दोपहर 12:32 बजे शुरू होकर 10 नवंबर दोपहर 2:01 बजे समाप्त होगी. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौ माता की पूजा की जाती है. जानिए पूजा विधि, परिक्रमा की परंपरा और गोवर्धन पूजा से जुड़ी पौराणिक कथा.

Govardhan Puja 2026 Date

Govardhan Puja 2026 Date

Govardhan Puja 2026 Date: दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा की तारीख को लेकर इस बार लोगों में असमंजस है. कोई 9 नवंबर तो कोई 10 नवंबर को पर्व मनाने की बात कर रहा है. ऐसे में जानिए गोवर्धन पूजा की सही तारीख, शुभ परंपराएं, पूजा विधि और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी पौराणिक कथा.

दिवाली के बाद आने वाला गोवर्धन पूजा का पर्व हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौ माता की पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह पर्व प्रकृति, पशुधन और अन्न के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है. हर साल दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा मनाई जाती है, लेकिन इस बार तिथि को लेकर लोगों के बीच कंफ्यूजन बना हुआ है.

10 नवंबर को मनाई जाएगी गोवर्धन पूजा

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 32 मिनट पर शुरू होगी. वहीं, इसका समापन 10 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजकर 1 मिनट पर होगा. उदया तिथि के आधार पर गोवर्धन पूजा मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी. ऐसे में अगर आप भी 9 और 10 नवंबर की तारीख को लेकर असमंजस में हैं, तो पूजा के लिए 10 नवंबर का दिन निर्धारित माना जा रहा है.

कैसे की जाती है गोवर्धन पूजा?

गोवर्धन पूजा के दिन गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है. इसे फूलों और अन्य पूजन सामग्री से सजाया जाता है. इसके बाद शुभ समय में भगवान श्रीकृष्ण और इष्ट देवों की पूजा की जाती है. पूजन में धूप, दीप, फल, फूल, अक्षत, चंदन और नैवेद्य अर्पित किए जाते हैं. भगवान गोवर्धन की आकृति के नाभि स्थान पर दीपक रखा जाता है, जिसमें दूध, दही, गंगाजल, शहद और बताशे डालने की परंपरा है. पूजा के बाद इसे प्रसाद के रूप में बांटा जाता है. इस दिन गाय और बैल जैसे पशुधन की पूजा भी विशेष रूप से की जाती है. गोवर्धन पर्वत की सात बार परिक्रमा करने का विधान है. परिक्रमा के दौरान जल से भरा लोटा लेकर जौ बोए जाते हैं.

क्यों मनाई जाती है गोवर्धन पूजा? जानें श्रीकृष्ण की कथा

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, गोवर्धन पूजा का संबंध भगवान श्रीकृष्ण की उस लीला से है, जिसमें उन्होंने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाया था. कथा के अनुसार, गोकुल और ब्रज के लोग अच्छी बारिश और सुख-समृद्धि के लिए भगवान इंद्र की पूजा करते थे. भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें समझाया कि उनके जीवन में गोवर्धन पर्वत, प्रकृति और गौ माता का विशेष योगदान है. इसलिए उन्हें इनकी पूजा करनी चाहिए.

इससे देवराज इंद्र नाराज हो गए और उन्होंने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी. लगातार बारिश से लोगों और पशुओं का जीवन संकट में पड़ गया. तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सभी ब्रजवासियों को उसके नीचे आश्रय दिया. सात दिनों तक पर्वत को धारण कर भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों की रक्षा की. इसी घटना की स्मृति में गोवर्धन पूजा मनाई जाती है. यह पर्व प्रकृति के संरक्षण, गौ सेवा और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा का संदेश देता है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital