UP News: गोंडा जिले में पटाखों के अस्थाई लाइसेंस के सत्यापन को लेकर रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है. सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे दो वीडियो ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामला सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू करवाई.
पहले वीडियो में सिपाही पर रिश्वत लेने का आरोप
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पहले वीडियो को 5 नवंबर का बताया जा रहा है. इसमें नगर कोतवाली में तैनात सिपाही अजीत सिंह कथित तौर पर एक आवेदक से पटाखा बिक्री लाइसेंस के सत्यापन के एवज में 1000 रुपये लेते दिखाई दे रहा है. वीडियो में पैसों के लेन-देन का पूरा दृश्य रिकॉर्ड होने का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया.
महिला आरक्षी का वीडियो भी आया सामने
दूसरे वायरल वीडियो में सीओ सिटी कार्यालय में तैनात महिला आरक्षी सुमन नजर आ रही हैं. वीडियो में वह एक व्यक्ति को रुपये काउंटर की दराज में रखने के लिए कहती सुनाई दे रही हैं. आरोप है कि अस्थाई पटाखा लाइसेंस की जांच और सत्यापन प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक लाइसेंस के बदले 1000 रुपये की मांग की जा रही थी. इस वीडियो के सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया.
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
दोनों वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. मामले ने तूल पकड़ा तो अधिकारियों पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया. इसके बाद पूरे प्रकरण की जांच कराए जाने का फैसला लिया गया.
ये भी पढ़ें-‘हमें हर हाल में करनी है गाय की रक्षा…’ गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने की विधि-विधान से गोवर्धन पूजा
जांच रिपोर्ट आते ही हुई बड़ी कार्रवाई
मामले की पड़ताल के लिए एसपी अभिषेक झा ने एएसपी पूर्वी अजीत कुमार रजक को जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी. जांच पूरी होने और रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया. सिपाही अजीत सिंह और महिला आरक्षी सुमन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



