Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बहुत बड़ा खुलासा हुआ है. मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त टीम ने एक औद्योगिक क्षेत्र में चल रही अवैध एमडी (MD) ड्रग्स फैक्ट्री पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया गया है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है.
मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में एमपी और यूपी नारकोटिक्स विभाग ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. मौके से 15 करोड़ रुपए मूल्य की 11.560 किलो ड्रग्स बरामद हुई है, जबकि दो लोगों को हिरासत में लेकर मुख्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
15 करोड़ रुपए की एमडी ड्रग्स और फैक्ट्री का भंडाफोड़
मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तेजपुर औद्योगिक इलाके में यह अवैध ड्रग्स फैक्ट्री संचालित हो रही थी. एमपी और यूपी की नारकोटिक्स विंग को लंबे समय से इसकी सूचना मिल रही थी, जिसके आधार पर यह ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया गया. छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से कुल 11.560 किलोग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद की है. अनुमान के मुताबिक, बरामद की गई इस ड्रग्स की कीमत बाजार में करीब 15 करोड़ रुपए है.
कोलकाता निवासी का प्लॉट, रिश्तेदार के जरिए दी गई थी किराए पर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस प्लॉट पर यह अवैध फैक्ट्री चल रही थी, वह आयुष सिंह नाम के व्यक्ति का है जो वर्तमान में कोलकाता में रहते हैं. बताया जा रहा है कि उनके रिश्तेदार राजेश सिंह के बेटे समीर सिंह ने इस प्लॉट को अपने दोस्तों को किराए पर दे रखा था, जहां बिना किसी वैध अनुमति के अवैध रूप से नशीले पदार्थों का निर्माण किया जा रहा था.
दो लोग हिरासत में, मुख्य आरोपी समीर सिंह समेत कई फरार
नारकोटिक्स विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोग लंबे समय से फैक्टरी की गतिविधियों से परेशान और हैरान थे. पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की टीम ने मौके से दो संदिग्धों को अपनी हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं, इस पूरे रैकेट का मुख्य आरोपी समीर सिंह और उसके कई अन्य साथी अभी फरार चल जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.
यह भी पढ़ें-देखते रह जाएंगे नजारा… ! दिल्ली में मुनक नहर पर बन गया ‘सुपर हाईटेक’ छठ घाट, BJP अध्यक्ष करेंगे उद्घाटन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



