Milk Price Hike: अभी त्योहारों की रौनक ठीक से खत्म भी नहीं हुई थी कि आम जनता की जेब पर महंगाई की एक और बड़ी मार पड़ गई है. देश की दो सबसे बड़ी डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है. गुरुवार, 12 नवंबर से लागू हुई नई दरों के तहत दूध 2 रुपये से लेकर 6 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो गया है. पिछले महज 6 महीनों के भीतर यह दूसरी बार है जब दूध के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे दिल्ली-एनसीआर और लखनऊ समेत देश के तमाम शहरों में रहने वाले मध्यम और निम्न-मध्यम वर्गीय परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है.
जानिए अब कितने में मिलेगा दूध
कीमतों में हुए इस ताजा इजाफे के बाद टोंड दूध में 2 रुपये, फुल क्रीम दूध में 4 रुपये और भैंस के दूध में 6 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. नई दरों के मुताबिक, अब मदर डेयरी का टोंड दूध 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गया है. वहीं, फुल क्रीम दूध के लिए अब ग्राहकों को 72 रुपये की जगह 76 रुपये प्रति लीटर चुकाने होंगे. इसके अलावा 6.5 प्रतिशत फैट वाले भैंस के फुल क्रीम दूध की कीमत अब 86 रुपये प्रति लीटर पर पहुँच गई है. दूसरी ओर, अमूल ने भी अपने टोंड दूध के दाम 2 रुपये और अमूल गोल्ड (फुल क्रीम) की कीमत 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी है.
आखिर क्यों महंगा हुआ दूध?
कंपनियों का कहना है कि पशुओं के चारे (आहार) की कीमतों में तेजी और दूध से निकलने वाले फैट की लागत में 25 प्रतिशत तक के उछाल के कारण उत्पादन खर्च काफी बढ़ गया है. इसके अलावा, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते वैश्विक स्तर पर कई जरूरी चीजों के दाम बढ़े हैं, जिसका सीधा असर घरेलू बाजार पर दिख रहा है.
आम आदमी परेशान
सुबह-सुबह दूध की दुकानों पर पहुँचे ग्राहकों के चेहरों पर इस बढ़ोतरी को लेकर साफ नाराजगी और चिंता दिखी. दिल्ली-एनसीआर और लखनऊ के आम लोगों का कहना है कि जिस रफ्तार से हर महीने जरूरी चीजों के दाम बढ़ रहे हैं, उस हिसाब से आमदनी नहीं बढ़ रही. बच्चों के दूध से लेकर सुबह की चाय तक हर चीज महंगी होने से अब आम परिवारों के लिए घर चलाना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है.
यह भी पढ़ें: देखते रह जाएंगे नजारा… ! दिल्ली में मुनक नहर पर बन गया ‘सुपर हाईटेक’ छठ घाट, BJP अध्यक्ष करेंगे उद्घाटन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



