Rahul Gandhi Debate Challenge to PM Modi: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी को सीधी और सार्वजनिक बहस की चुनौती देकर सियासी पारा चढ़ा दिया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को आमने-सामने बहस के लिए ललकारा. कांग्रेस नेता का कहना है कि उन्होंने संसद के भीतर कई संवेदनशील राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करने की कोशिश की, लेकिन उनका माइक बंद कर दिया गया और उन्हें बोलने का अवसर नहीं मिला.
राहुल गांधी ने दावा किया कि यदि प्रधानमंत्री उनके साथ आमने-सामने बहस के लिए तैयार होते हैं, तो इस बहस के बाद वे प्रधानमंत्री पद पर नहीं रह पाएंगे. जानिए क्या है पूरा मामला और राहुल गांधी ने क्या दावा किया?
फोन में मौजूद ‘सबूतों’ का दावा (Rahul Gandhi one on one debate Instagram)
इंस्टाग्राम संवाद के दौरान राहुल गांधी ने अपने मोबाइल फोन की ओर इशारा करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए. कांग्रेस सांसद ने कहा कि उनके पास कई ऐसे सबूत हैं जो उनके फोन में सुरक्षित हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री उनके फोन की टैपिंग करवाते हैं, इसलिए उन्हें इस बात की जानकारी है कि उनके पास क्या है. राहुल गांधी ने कहा कि-
‘जिस पल प्रधानमंत्री उनके साथ वन-ऑन-वन डिबेट के लिए सामने आएंगे, उसी पल पूरे देश को पता चल जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों से नियंत्रित है, कौन राष्ट्र-विरोधी है और कब से है.’
संसद में बहस न होने देने का आरोप?
जब एक इंस्टाग्राम यूजर ने राहुल गांधी से पूछा कि भाजपा तो लगातार उन्हें संसद में आकर बहस करने की चुनौती दे रही है, तो इस पर नेता प्रतिपक्ष ने कई मुद्दों की सूची गिनाई जिन पर उनके मुताबिक उन्हें बोलने से रोका गया.
- कृषि कानून (किसान बिल)
- विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर – SIR)
- चीन के साथ सीमा विवाद
- पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल एम.एम. नरवणे की किताब से जुड़े मुद्दे
‘अडानी और मोहन भागवत को भी जज बना सकती है भाजपा’
सार्वजनिक बहस की शर्तों को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि वे किसी भी मंच पर और किसी की भी मध्यस्थता में बहस करने को तैयार हैं. उन्होंने बयान दिया कि भाजपा चाहे तो अपनी पसंद के किसी भी व्यक्ति को इस डिबेट का जज बना सकती है. चाहे वे उद्योगपति गौतम अडानी को जज के रूप में बैठाएं या आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को. इसके बावजूद उन्होंने दावा किया कि इस सीधी बहस के बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे.
पहले भी दे चुके हैं बहस की चुनौती (Rahul Gandhi phone tapping allegation PM Modi)
यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को आमने-सामने बहस के लिए आमंत्रित किया हो. अप्रैल 2019 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने राफेल सौदे और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर प्रधानमंत्री को 15 मिनट की सीधी बहस करने की चुनौती दी थी.
ये भी पढ़ें: जाकिर नाइक पर फिर चला अमित शाह का चाबुक, IRF पर हो गया एक्शन; जानें कारण
मई 2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मदन बी. लोकुर, दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश अजित पी. शाह और वरिष्ठ पत्रकार एन. राम ने दोनों शीर्ष नेताओं को सार्वजनिक बहस के लिए औपचारिक पत्र लिखा था. राहुल गांधी ने इस निमंत्रण को स्वीकार करते हुए पीएम मोदी को चुनावी मुद्दों पर बहस का न्योता दिया था, हालांकि यह बहस आयोजित नहीं हो सकी थी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



