छठ पूजा विवाद पर राज ठाकरे का BJP पर हमला
Raj Thackeray On Chhath Puja: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने छठ पूजा के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) को निशाने पर लिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि BJP और उसका सोशल मीडिया नेटवर्क छठ पूजा के बहाने मुंबई और महाराष्ट्र में तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहा है. राज ठाकरे का दावा है कि यह सब उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है.
राज ठाकरे ने अपने बयान में सोशल मीडिया पर चल रही छठ पूजा की रस्मों को कल्चरल हमला करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने की कोशिश की गई, जिसे MNS ने तुरंत बंद करवा दिया.
दरअसल छठ पूजा से पहले मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. रेलवे स्टेशनों के पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए भोजपुरी गीत बजाए जा रहे थे. सोशल मीडिया पर इनके वीडियो वायरल होने के बाद कुछ मराठी भाषी लोगों और संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई. विवाद बढ़ने के बाद रेलवे ने स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाना बंद कर दिया.
अब इस मामले को लेकर राज ठाकरे ने एक बार फिर मराठी अस्मिता की चाल चली है. उन्होंने इसे बीजेपी की चाल बताई है.
‘बांटो और राज करो की राजनीति कर रही BJP’
राज ठाकरे ने BJP पर आरोप लगाया कि वह चुनाव जीतने के लिए लंबे समय से समाज को बांटने की राजनीति कर रही है. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान हिंदू-मुस्लिम तनाव और विधानसभा चुनाव के समय जातिगत विवादों को हवा दी जाती है.
उन्होंने पिछले साल BMC चुनाव के दौरान कबूतरों को दाना खिलाने के मुद्दे पर गुजराती और मराठी समुदायों के बीच विवाद खड़ा करने का भी आरोप लगाया. राज ठाकरे ने कहा कि BJP अपने काम के आधार पर चुनाव जीतने के बजाय अलग-अलग समूहों के बीच टकराव पैदा करती है.
उन्होंने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो प्रसारित किए जाते हैं, जिनके जरिए लोगों के बीच डर और तनाव पैदा करने की कोशिश होती है.
‘BJP को सत्ता से हटाने का सफर शुरू’
अपने बयान में राज ठाकरे ने Gen Z आंदोलनों का जिक्र करते हुए दावा किया कि BJP को केंद्र और राज्यों की सत्ता से हटाने का सफर शुरू हो चुका है. उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद पिछले 12 से 14 साल के दौरान किए गए कामों को लेकर BJP को जवाब देना पड़ सकता है.
राज ठाकरे ने मराठी समुदाय से अपील की कि वह BJP के बनाए कथित विवादों में न उलझे. उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की गुरिल्ला युद्ध रणनीति का जिक्र करते हुए कहा कि मराठी लोगों को यह तय करना चाहिए कि कब और कैसे जवाब देना है.
ये भी पढ़ें- राज्यपाल और सीएम डीके शिवकुमार ने किया पीएम मोदी का स्वागत; बेंगलुरु में मेट्रो और कई परियोजनाओं का लोकार्पण
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र को अपनी लड़ाई दूसरों के तय किए मैदान में लड़ने की जरूरत नहीं है. मराठी समुदाय को ऐसे मुद्दों पर प्रतिक्रिया देने से बचना चाहिए, जिनका इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा सकता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



