Bharat Express DD Free Dish

कंगाल पाकिस्तान के राजशाही ख्वाब…! शहबाज क्यों देख रहे दुनिया की छठी इकोनॉमी बनने के सपने?

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दावा किया है कि उनका देश 2050 से पहले दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा. उन्होंने अपने दावे के समर्थन में गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट का हवाला दिया.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की बयानबाजी और उनके ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ एक बार फिर दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गए हैं. देश के अंदर हालात यह हैं कि आम जनता दो वक्त की रोटी और आटे के लिए तरस रही है, खजाना पूरी तरह खाली है और देश चलाने के लिए हर तरफ आईएमएफ (IMF) का कटोरा फैला हुआ है. लेकिन, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के ख्वाब आसमान छू रहे हैं. इस्लामाबाद में आयोजित ‘पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026’ में शहबाज शरीफ ने ऐसा बयान दिया है, जिसे सुनकर खुद पाकिस्तानी अवाम भी अपना सिर पीट रही है.

शहबाज शरीफ ने दावा किया है कि पाकिस्तान साल 2050 से पहले ही दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा! यानी जिस देश में लोग कंगाली और कर्ज के दलदल में धंसे हुए हैं, वहां के प्रधानमंत्री को भविष्य में ‘सोने की चिड़िया’ उड़ती हुई दिखाई दे रही है.

गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट को मरोड़कर पेश करने का अनोखा हुनर

दरअसल, शहबाज शरीफ साहब ने अपनी इस डींग के पीछे एक पुरानी अमेरिकी वित्तीय कंपनी ‘गोल्डमैन सैक्स’ की रिपोर्ट का हवाला दिया. दिसंबर 2022 में जारी ‘द पाथ टू 2075’ नाम की इस रिपोर्ट में कहा गया था कि पाकिस्तान 2075 तक दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है. उस रिपोर्ट में भी यह केवल एक सैद्धांतिक अनुमान था, कोई पक्की भविष्यवाणी नहीं, जिसमें ढेर सारे सुधारों और नीतियों की शर्त जुड़ी थी.

लेकिन शहबाज शरीफ ने अपनी फजीहत से बचने के लिए रिपोर्ट की टाइमलाइन ही बदल डाली. उन्होंने फरमाया कि पाकिस्तान को 2075 तक इंतजार करने की कोई जरूरत नहीं है, बल्कि वह 2050 से पहले ही ग्लोबल इकोनॉमी का सिरमौर बन जाएगा. प्रधानमंत्री के मुंह से ऐसी बातें सुनकर एक्सपर्ट्स भी हैरान हैं कि आखिर जो देश एक महीने का कर्ज चुकाने के लिए दुनिया भर के सामने गिड़गिड़ाता है, वह तीन दशकों में दुनिया को पीछे कैसे छोड़ देगा.

हकीकत: 290 अरब डॉलर का कर्ज और IMF की बैसाखियां

अगर पाकिस्तान के मौजूदा आर्थिक हालातों पर नजर डालें, तो शहबाज शरीफ के ये दावे किसी कॉमेडी शो से कम नहीं लगते. इस वक्त पाकिस्तान का कुल सार्वजनिक कर्ज लगभग 86.72 लाख करोड़ पाकिस्तानी रुपये यानी करीब 290 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है. देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के बेलआउट पैकेज और आर्थिक सुधारों की शर्तों पर सांस ले रही है.

राजनीतिक अस्थिरता, आए दिन की बगावत, चरमराता बुनियादी ढांचा और जलवायु परिवर्तन के खतरे पाकिस्तान को रसातल में ले जा रहे हैं. ऐसे देश में बैठकर दुनिया की छठी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का ख्वाब देखना सिवाय जनता का ध्यान भटकाने के और कुछ नहीं है.

ये भी पढ़ें- अमेरिका के आसमान में 9/11 जैसी इमरजेंसी! एक झटके में ठप हुईं 13 हजार उड़ानें, क्या है पूरा मामला?

‘ऑपरेशन सिंदूर’ से लेकर इकोनॉमी तक… सिर्फ हवाई किले

पाकिस्तानी हुक्मरानों की आदत पुरानी है. इतिहास गवाह है कि जब-जब देश की फजीहत होती है या आर्थिक मोर्चे पर बुरी तरह पोल खुलती है, तब-तब ऐसे अजीबोगरीब दावे सामने आ जाते हैं. याद कीजिए जब ब्रह्मोस मिसाइलों और सैन्य मोर्चों पर मुंह की खाने के बाद भी वे अपनी जीत के ढोल पीट रहे थे, तब भी दुनिया ने उनका खूब मजाक उड़ाया था. अब ठीक वैसा ही हाल उनकी इस नई आर्थिक भविष्यवाणी का है. घर में आटा महंगा है, बिजली के बिल आसमान छू रहे हैं, और प्रधानमंत्री महोदय 2050 में दुनिया पर हुकूमत करने के सपने बेच रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read