भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सफर करने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. केंद्र की मोदी सरकार ने दोनों ऐतिहासिक और धार्मिक शहरों को सीधे रेल मार्ग से जोड़ने वाली एक नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी है. भारतीय रेलवे की इस पहल से न केवल रामायण सर्किट को मजबूती मिलेगी, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ‘रोटी-बेटी’ के रिश्तों और सांस्कृतिक विरासत को भी एक नया आयाम मिलेगा.
क्या होगा नई ट्रेन का पूरा रूट और टाइम-टेबल?
भारतीय रेलवे के मुताबिक, यह साप्ताहिक ट्रेन जनकपुर धाम और अयोध्या कैंट के बीच लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. अपने इस सफर के दौरान यह ट्रेन बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और कस्बों को जोड़ेगी. रास्ते में यह जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम स्टेशनों पर रुकेगी.
सप्ताह में एक दिन चलने वाली यह ट्रेन हर शनिवार को जनकपुर धाम से रवाना होगी, जबकि वापसी में यह हर सोमवार को अयोध्या कैंट से चलेगी. इससे दोनों देशों के आम नागरिकों, छात्रों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को सीमा पार आने-जाने के लिए एक बेहद किफायती और आरामदायक विकल्प मिल जाएगा.
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार
इस नई रेल सेवा के शुरू होने से सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की यात्रा तो आसान होगी ही, साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा. रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने से इस पूरे रूट के आसपास के टूर ऑपरेटरों, होटल व्यवसायों, स्थानीय दुकानदारों और पारंपरिक कारीगरों के लिए रोजगार व व्यापार के नए अवसर खुलेंगे. कुल मिलाकर, यह ट्रेन भारत और नेपाल की साझा संस्कृति और आपसी सहयोग को पटरियों पर नई रफ्तार देने जा रही है.
यह भी पढ़ें: 495 रुपये महंगा हो सकता था रसोई गैस, दुनिया में सबसे सस्ता ईंधन दे रही मोदी सरकार: पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

