Pakistan Minister India Visit: भारतीय सेना के पराक्रम और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में मुंह की खाने के बाद से पाकिस्तान पूरी तरह बैकफुट पर नजर आ रहा है. एक तरफ जहां घर में कंगाली और आर्थिक बदहाली ने कमर तोड़ रखी है, वहीं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अलग-थलग पड़ने के डर से अब पाकिस्तान भारत की ओर टकटकी लगाए बैठा है. इसी कड़ी में इस्लामाबाद ने एक बड़ा और चौंकाने वाला कदम उठाया है.
पाकिस्तान ने ऐलान किया है कि वह 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में होने वाले पहले ‘शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यता संवाद’ में हिस्सा लेगा. सबसे खास बात यह है कि इस कार्यक्रम के लिए पाकिस्तान किसी साधारण चेहरे को नहीं, बल्कि अपनी सरकार के सबसे अनुभवी मंत्रियों में शुमार मुसादिक मसूद मलिक को भारत भेज रहा है.
दिल्ली आ रहे शहबाज के सबसे भरोसेमंद मंत्री
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प मोड़ यह है कि भारत ने इस SCO सभ्यता संवाद के लिए पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री औरंगजेब खिची को औपचारिक निमंत्रण भेजा था. लेकिन, पाकिस्तान ने ऐन वक्त पर रणनीति बदलते हुए जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मामलों के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को अपने प्रतिनिधिमंडल का नेता बनाकर भेजने का फैसला किया है.
मुसादिक मलिक को पाकिस्तानी सत्ता के गलियारों में बेहद अनुभवी, सुलझा हुआ और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का करीबी माना जाता है. कूटनीतिक जानकारों का मानना है कि भारत के साथ जमी बर्फ को पिघलाने और अपनी गंभीरता दिखाने के लिए ही पाकिस्तान ने अपने सबसे वरिष्ठ मंत्री को दिल्ली भेजने का दांव चला है.
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहला बड़ा दौरा
पिछले साल पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले और उसके बाद भारत की ओर से किए गए करारे प्रहार यानी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया था. उस सैन्य कार्रवाई के बाद से किसी भी पाकिस्तानी मंत्री का यह पहला भारत दौरा होगा. इससे पहले मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी गोवा में हुई SCO बैठक में शामिल होने आए थे, जिसके बाद भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी SCO बैठक के लिए इस्लामाबाद गए थे. हालांकि, उन दौरों में कोई द्विपक्षीय बातचीत नहीं हुई थी.
पीएम मोदी के विजन वाले मंच पर हाजिरी लगाएगा पाकिस्तान
जिस ‘SCO सभ्यता संवाद’ के लिए पाकिस्तानी मंत्री दिल्ली आ रहे हैं, उसकी नींव खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी. साल 2025 में तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक समझ बढ़ाने के लिए इस संवाद का प्रस्ताव रखा था. अब इसी मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पाकिस्तान ने बयान जारी कर कहा है कि वह आपसी सम्मान और सभ्यताओं के संवाद को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है.
एक दशक से बंद है बातचीत, क्या खुलेगा कोई नया रास्ता?
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले एक दशक से भी अधिक समय से कोई ठोस द्विपक्षीय वार्ता नहीं हुई है. भारत का साफ रुख रहा है कि आतंक और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते. साल 2017 में दोनों देश SCO के पूर्ण सदस्य बने थे और तब से केवल इसी बहुपक्षीय मंच के जरिए ही दोनों देशों के नेताओं का आमना-सामना होता रहा है.
ऐसे में अब सबकी निगाहें 20 नवंबर से शुरू होने वाले इस दौरे पर टिकी हैं कि क्या मुसादिक मलिक की दिल्ली यात्रा महज एक औपचारिकता बनकर रह जाएगी या इसके पीछे इस्लामाबाद की कोई नई कूटनीतिक मजबूरी छिपी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

