दिल्ली के ज्वाला नगर में दो मंजिला इमारत ढही
Delhi Building Collapse: दिल्ली के शाहदरा जिले के ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह दो मंजिला इमारत अचानक ढह गई. हादसे में तीन साल की बच्ची समेत 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं. घटना विवेक विहार थाना क्षेत्र की गली नंबर-6 में हुई. इमारत गिरने के समय वहां छह लोग मौजूद थे. जानकारी के मुताबिक इमारत गिरने से सभी मलबे में दब गए. पुलिस और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला.
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10:09 बजे पीसीआर कॉल के जरिए इमारत गिरने की सूचना मिली थी. बताया गया कि ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में एक मकान ढह गया है और कुछ लोग मलबे में फंसे हुए हैं. सूचना मिलते ही विवेक विहार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया.
6 लोगों को पहुंचाया गया अस्पताल
कैट एंबुलेंस की मदद से मलबे में दबे सभी छह लोगों को बाहर निकालकर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में तीन साल की बच्ची लड्डू उर्फ देवांश और 35 वर्षीय पिंटू को मृत घोषित कर दिया गया. हादसे में 27 वर्षीय खुशबू, 35 वर्षीय विकेश, 25 वर्षीय आकाश और 22 वर्षीय दिलीप उर्फ डिम्पा घायल हुए हैं.
इमारत में किराए पर रहते थे सभी लोग
पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी छह लोग इमारत में किराएदार के तौर पर रहते थे. यह मकान सुरेंद्र सिंह का बताया जा रहा है. इमारत किस वजह से गिरी, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
दिल्ली में मकान ढहने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले पहाड़गंज में एक निर्माणाधीन होटल की इमारत ढह गई थी, जिसमें आठ मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए.
ये भी पढ़ें- प्रणाम मैडम जी…,हाय राम KGMU में ये कैसी रैगिंग, VIDEO हो रहा वायरल
वहीं नवंबर की शुरुआत में पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार और हौज काजी इलाके में एक निर्माणाधीन भवन गिरने से कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी. राष्ट्रीय राजधानी में लगातार हो रही इन घटनाओं ने निर्माण कार्यों की निगरानी और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



