Amit Bachchan Threat: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर से सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली है. प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ के सरगना और खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अमिताभ बच्चन को जान से मारने और उनके खिलाफ प्रदर्शन करने की धमकी दी है. पन्नू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर खालिस्तानी समर्थकों से आगामी 19 से 27 नवंबर के बीच मुंबई के जुहू इलाके में स्थित अमिताभ बच्चन के मशहूर बंगले ‘जलसा’ के बाहर जुटने की अपील की है.
पन्नू ने साल 1984 के सिख विरोधी दंगों का पुराना और संवेदनशील हवाला देते हुए अमिताभ बच्चन को निशाना बनाया है. इतना ही नहीं, ‘जलसा’ के बाहर विरोध प्रदर्शन या किसी तरह का माहौल पैदा करने के लिए 11 लाख रुपये के इनाम का भी लालच दिया गया है. इस धमकी के सामने आने के बाद से ही फिल्म इंडस्ट्री और सुरक्षा एजेंसियों के बीच हड़कंप मच गया है.
दिलजीत दोसांझ को भी निशाने पर
इस धमकी भरे संदेश में सिर्फ अमिताभ बच्चन ही नहीं, बल्कि मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ को भी लपेटे में लिया गया है. पन्नू ने दिलजीत के खिलाफ ‘शट डाउन दिलजीत’ कैंपेन चलाने का ऐलान किया है और उनके कार्यक्रमों को बाधित करने की साजिश रची जा रही है. खालिस्तानी आतंकी की इन हरकतों का मकसद देश में माहौल खराब करना और सेलिब्रिटीज को डराना-धमकाना है.
मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क
इस हाई-प्रोफाइल धमकी के मिलने के बाद मुंबई पुलिस और देश की तमाम खुफिया व सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई हैं. अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित आवास ‘जलसा’ के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी समीक्षा की जा रही है और सुरक्षा घेरे को और मजबूत करने पर विचार चल रहा है. पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी असामाजिक तत्व को सेलिब्रिटीज के घरों के बाहर कानून व्यवस्था बिगाड़ने का मौका न मिले.
फिलहाल, इस पूरे मामले पर मुंबई पुलिस पैनी नजर रखे हुए है और सोशल मीडिया पर इस तरह के भड़काऊ संदेश फैलाने वालों की तकनीकी जांच भी की जा रही है ताकि समय रहते पुख्ता कदम उठाए जा सकें.
यह भी पढ़ें: नाम है पैटिनसन… रॉबर्ट पैटिनसन: स्कूल के नाटक से निकाले गए, अब बनेंगे दुनिया के सबसे बड़े जासूस ‘007’
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





