भारत को स्पेस रेस में आगे ले जा रहे पवन कुमार चंदना (इमेज-TIME)
Pawan Kumar Chandana: भारत के स्पेस सेक्टर में अब प्राइवेट कंपनियों की भूमिका तेजी से बढ़ रही है. इसी बदलाव के बीच हैदराबाद की कंपनी Skyroot Aerospace और उसके फाउंडर पवन कुमार चंदना का नाम चर्चा में है. 18 जुलाई 2026 को कंपनी के रॉकेट विक्रम-1 ने आंध्र प्रदेश के सतीश धवन स्पेस सेंटर से उड़ान भरी और छह छोटे सैटेलाइट को लो अर्थ ऑर्बिट में पहुंचाया. यह पहली बार था जब भारत में निजी तौर पर बनाए और मालिकाना हक वाले रॉकेट से सैटेलाइट को ऑर्बिट में पहुंचाया गया. अमेरिकी मैगजीन TIME ने अपनी 2026 TIME100 Next India सीरीज में पवन कुमार चंदना को जगह दी है.
TIME की रिपोर्ट के मुताबिक विक्रम-1 की लॉन्चिंग, भारत के प्राइवेट स्पेस सेक्टर के लिए बड़ा कदम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस उपलब्धि को भारत की स्पेस यात्रा का अहम पल बताया था. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा था कि भारत के लिए अब आसमान ही आखिरी सीमा नहीं है.
ISRO में छह साल काम करने के बाद शुरू की कंपनी
35 साल के पवन कुमार चंदना ने साल 2012 से 2018 तक ISRO में रॉकेट इंजीनियर के तौर पर काम किया. इस दौरान उन्होंने GSLV Mk-III और Small Satellite Launch Vehicle जैसे रॉकेट बनाने में योगदान दिया. इसके बाद 2018 में उन्होंने ISRO की नौकरी छोड़ दी और Skyroot Aerospace की शुरुआत की.

आज उनकी कंपनी में करीब 1,000 लोग काम करते हैं और इसकी वैल्यूएशन 1.1 अरब डॉलर बताई गई है. विक्रम-1 करीब 770 पाउंड यानी 349 किलोग्राम से ज्यादा वजन के पेलोड को अंतरिक्ष में ले जा सकता है. कंपनी फिलहाल छोटे सैटेलाइट लॉन्च करने की सर्विस पर काम कर रही है.
चंदना का कहना है कि उनकी कंपनी बड़े रॉकेट बनाने की भी तैयारी कर रही है. अगले साल विक्रम-2 लॉन्च करने की योजना है, जिसकी पेलोड क्षमता विक्रम-1 से ढाई गुना ज्यादा होगी.
हर महीने एक लॉन्च करने का लक्ष्य
पवन चंदना की योजना सिर्फ रॉकेट लॉन्च करने तक सीमित नहीं है. वह ऐसे रॉकेट बनाना चाहते हैं, जिन्हें दोबारा इस्तेमाल किया जा सके. इससे अंतरिक्ष में सैटेलाइट भेजने का खर्च कम करने में मदद मिल सकती है.
TIME से बातचीत में चंदना ने बताया कि कंपनी अगले साल के आखिर तक हर महीने एक लॉन्च करने का लक्ष्य रख रही है. आगे चलकर वह हर हफ्ते और फिर हर दिन एक लॉन्च तक पहुंचना चाहते हैं.
भारत के प्राइवेट स्पेस सेक्टर को मिलेगा फायदा
TIME की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का प्राइवेट स्पेस सेक्टर फिलहाल करीब 9 अरब डॉलर का है, जबकि पूरी दुनिया की प्राइवेट स्पेस इकोनॉमी 500 अरब डॉलर की है. सरकार का अनुमान है कि अगले दस साल में भारत का यह सेक्टर 45 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है. साल 2014 में देश में सिर्फ एक रजिस्टर्ड स्पेस स्टार्टअप था, जबकि 2026 की पहली छमाही तक इनकी संख्या 440 से ज्यादा हो गई.
Skyroot ने अमेरिका की कंपनी Axiom Space के साथ भी समझौता किया है. इसके तहत भविष्य में कंपनी के प्रस्तावित स्पेस स्टेशन तक सामान पहुंचाने में Skyroot की भूमिका हो सकती है. इसके अलावा कंपनी अंतरिक्ष में AI डेटा सेंटर के लिए सैटेलाइट भेजने की संभावनाओं पर भी काम कर रही है.
ये भी पढ़ें- भारतीय सिनेमा को नई पहचान दे रहे आर्यन खान, पायल कपाड़िया और तेजा रियो, TIME ने अपने कवर पेज पर दी जगह
चंदना का मानना है कि आने वाले समय में अंतरिक्ष में कंप्यूटिंग का इस्तेमाल बढ़ेगा और इससे AI की दुनिया में बड़े बदलाव हो सकते हैं. उनका सपना अपने ही बनाए रॉकेट से अंतरिक्ष में जाने का भी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



