Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

गोरखपुर रोड शो को लेकर अखिलेश पर बरसे राजभर, बोले- 2027 में सत्यानाश तय

Om Prakash Rajbhar: गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 13 साल के आर्यवर्धन की मौत को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख पर निशाना साधा. उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की.

om-prakash-rajbhar-attack-akhilesh-yadav-gorakhpur-road-show

गोरखपुर रोड शो को लेकर अखिलेश पर बरसे राजभर

Om Prakash Rajbhar: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो को लेकर सियासत तेज हो गई है. प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने रोड शो के दौरान 13 साल के बच्चे की मौत का मुद्दा उठाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि इस मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए.

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने तंज कसते हुए लिखा,

मित्र अखिलेश यादव जी! करा आए बेइज्जती गोरखपुर में? कर लिया सड़कों पर तांडव?

राजभर ने आरोप लगाया कि रोड शो में शामिल लोगों की वजह से एक मासूम की जान चली गई.

बुलडोजर से मासूम की मौत का लगाया आरोप

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बुलडोजर ने एक बच्चे आर्यवर्धन की जान ली. उन्होंने कहा कि सड़क पर कूद-फांद कर रहे लोगों के कारण 13 साल के बच्चे को अपनी जान गंवानी पड़ी.

उन्होंने मांग की कि आर्यवर्धन की मौत की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और जो लोग भी इस मामले में शामिल पाए जाएं, उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो. राजभर ने अखिलेश यादव पर यह आरोप भी लगाया कि उन्होंने बच्चे की मौत पर न तो दुख जताया और न ही परिवार के प्रति संवेदना जाहिर की.

मंदिर और गीता प्रेस नहीं जाने पर भी घेरा

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे के दौरान गोरखनाथ मंदिर नहीं जाने पर भी करारा हमला किया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव गोरखपुर गए, लेकिन महायोगी गुरु गोरखनाथ के मंदिर नहीं गए. राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें कम से कम गीता प्रेस जाकर भगवद्गीता खरीदनी चाहिए थी.

उन्होंने चौरीचौरा के पास तरकुलही माई मंदिर का जिक्र करते हुए भी अखिलेश पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव इस मंदिर में इसलिए नहीं गए क्योंकि उन्हें दाढ़ी-टोपी वालों की नाराजगी का डर रहता है.

2027 चुनाव को लेकर भी दी नसीहत

राजभर ने अपनी पोस्ट में अखिलेश यादव को कांग्रेस के साथ गठबंधन की याद दिलाते हुए रोड शो में कांग्रेस के झंडे और बैनर भी लगाने की बात कही. उन्होंने अखिलेश को नसीहत देते हुए लिखा कि उन्हें ‘लोफरों की संगत’ छोड़कर बड़े-बुजुर्गों से सीख लेनी चाहिए.

ये भी पढ़ें- भारत के प्राइवेट स्पेस सेक्टर का नया चेहरा बने पवन कुमार चंदना, TIME ने दी जगह

उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर अखिलेश यादव ने अपना तरीका नहीं बदला तो 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी का सत्यानाश तय है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism