Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

इंडियन बैंक के इन 2 क्रेडिट कार्ड से रोज कर सकते हैं 1 लाख रुपये तक खर्च, जानें फीस और फायदे

Indian Bank Credit Card: इंडियन बैंक अपने ग्राहकों को IB भारत और IB गोल्ड क्रेडिट कार्ड की सुविधा देता है. भारत कार्ड से रोजाना 20 हजार रुपये, जबकि गोल्ड कार्ड से 1 लाख रुपये तक खर्च कर सकते हैं. भारत कार्ड लाइफटाइम फ्री है, वहीं गोल्ड कार्ड पर पहले साल कोई एनुअल फीस नहीं लगती और दूसरे साल से 250 रुपये + GST चार्ज है.

Indian Bank Credit Card

Indian Bank Credit Card

Indian Bank Credit Card: आज के समय में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल काफी आम हो गया है. ऑनलाइन शॉपिंग से लेकर होटल में खाना खाने, टिकट बुकिंग और इमरजेंसी में पैसों की जरूरत पूरी करने तक क्रेडिट कार्ड काफी काम आता है. देश में कई सरकारी और प्राइवेट बैंक अपने ग्राहकों को अलग-अलग सुविधाओं वाले क्रेडिट कार्ड ऑफर करते हैं. इसी कड़ी में सरकारी बैंक इंडियन बैंक भी अपने ग्राहकों को दो खास क्रेडिट कार्ड की सुविधा देता है. इनके नाम आईबी भारत कार्ड (IB Visa Bharat) और आईबी गोल्ड कार्ड (IB Visa Gold) हैं. खास बात यह है कि इन दोनों कार्ड की खर्च सीमा और सालाना फीस अलग-अलग है. आइए जानते हैं इनकी सुविधाओं, डेली लिमिट और चार्जेज के बारे में.

क्या है इंडियन बैंक का IB भारत क्रेडिट कार्ड?

इंडियन बैंक का आईबी भारत कार्ड उन ग्राहकों के लिए है, जो रोजमर्रा की खरीदारी, यात्रा और खाने-पीने से जुड़े खर्चों के लिए क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करना चाहते हैं. इस कार्ड के जरिए ग्राहक एटीएम से नकदी निकालने के साथ-साथ POS मशीन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी भुगतान कर सकते हैं. इस कार्ड की डेली लिमिट की बात करें तो ग्राहक रोजाना एटीएम से अधिकतम 8,000 रुपये निकाल सकते हैं. वहीं, POS और ऑनलाइन खरीदारी के लिए प्रतिदिन 12,000 रुपये की सीमा निर्धारित है. इस तरह कार्ड से एक दिन में कुल 20,000 रुपये तक खर्च या नकद निकासी की जा सकती है.

IB भारत कार्ड की फीस और चार्जेज

आईबी भारत कार्ड की सबसे खास बात इसकी फीस है. बैंक की ओर से इस कार्ड पर कोई जॉइनिंग फीस नहीं ली जाती है. इसके अलावा इसकी सालाना फीस भी शून्य है. यानी यह लाइफटाइम फ्री क्रेडिट कार्ड है.

जॉइनिंग फीस: 0 रुपये
सालाना फीस: 0 रुपये
कार्ड का प्रकार: लाइफटाइम फ्री

क्या है IB गोल्ड क्रेडिट कार्ड?

इंडियन बैंक का दूसरा विकल्प आईबी गोल्ड कार्ड है. यह कार्ड उन ग्राहकों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें रोजाना ज्यादा खर्च करने या इमरजेंसी में नकदी की जरूरत पड़ती है. इस कार्ड के जरिए ग्राहक प्रतिदिन एटीएम से अधिकतम 25,000 रुपये तक नकद निकाल सकते हैं. वहीं, POS और ई-कॉमर्स खरीदारी के लिए रोजाना 75,000 रुपये की लिमिट दी गई है. इस तरह आईबी गोल्ड कार्ड से एक दिन में कुल 1 लाख रुपये तक खर्च किया जा सकता है.

IB गोल्ड कार्ड की कितनी है सालाना फीस?

आईबी गोल्ड कार्ड की जॉइनिंग फीस भी शून्य है. हालांकि, इसकी सालाना फीस दूसरे साल से लागू होती है.

जॉइनिंग फीस: 0 रुपये
पहले साल की एनुअल फीस: फ्री
दूसरे साल से एनुअल फीस: 250 रुपये + GST

हालांकि, ग्राहकों के लिए इसमें एक खास छूट भी है. अगर कार्डधारक पिछले साल में 50,000 रुपये या उससे अधिक का खर्च इस कार्ड से करते हैं, तो उनका सालाना शुल्क माफ हो सकता है.

क्रेडिट कार्ड लेने से पहले जान लें जरूरी बात

इंडियन बैंक के इन दोनों क्रेडिट कार्ड में खर्च की सीमा और सालाना फीस का अंतर है. भारत कार्ड लाइफटाइम फ्री विकल्प है, जबकि गोल्ड कार्ड में ज्यादा डेली लिमिट मिलती है. हालांकि, कार्ड लेने से पहले ब्याज दर, बिल भुगतान की तारीख, लेट पेमेंट चार्ज और कैश निकालने पर लगने वाले शुल्क की जानकारी जरूर लें. बैंक अपनी नीतियों के अनुसार कार्ड की सुविधाओं और शुल्क में बदलाव भी कर सकता है. इसलिए आवेदन करने से पहले इंडियन बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी शाखा से नवीनतम जानकारी जरूर प्राप्त करें.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism