PM Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का दौरा करेंगे. इस दौरान वे गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे. ‘कौशल भारत, कुशल भारत’ की मुहिम के तहत होने वाले इस बड़े कार्यक्रम में पीएम मोदी देशभर के 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित करेंगे, जिनमें उत्तर प्रदेश के 6 हुनरमंद युवाओं ने भी अपनी जगह बनाई है.
पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में हो रहा आयोजन
पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन 21 नवंबर को शाम 5:30 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमतीनगर में किया जाएगा. खास बात यह है कि 2022 से 2025 तक लगातार चार वर्षों तक यह कार्यक्रम दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित हुआ था, लेकिन इस बार पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ को इसकी मेजबानी मिली है. इस समारोह का आयोजन भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के तहत आने वाले प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGT) द्वारा किया जा रहा है.
देश के 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को मिलेगा मंच
समारोह में कुल 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने वर्ष 2026 की अखिल भारतीय ट्रेड परीक्षा में अपनी-अपनी श्रेणी और ट्रेड में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है. इनमें अखिल भारतीय शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (CTS) के 37 और शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (CITS) के 15 प्रशिक्षार्थी शामिल हैं. प्रधानमंत्री मोदी के हाथों सम्मान मिलने से कौशल प्रशिक्षण और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी.
यूपी के 6 युवाओं ने मारी बाजी, बढ़ाया प्रदेश का मान
लखनऊ में होने वाले इस दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश के 6 प्रशिक्षार्थियों का चयन होना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. इन युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर की कौशल परीक्षा में अव्वल आकर यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और हुनर के दम पर बड़ी कामयाबी हासिल की जा सकती है. सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में पीएम मोदी द्वारा इन होनहार युवाओं को सम्मानित किया जाना अन्य छात्रों और युवाओं के लिए भी बड़ी प्रेरणा बनेगा.
कौशल भारत से आत्मनिर्भर युवाओं को नई उड़ान
केंद्र सरकार की ‘कौशल भारत, कुशल भारत’ पहल का उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक और तकनीकी कौशल से सशक्त बनाना है. पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह के जरिए देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित कर सरकार यह संदेश दे रही है कि हुनरमंद युवा ही विकसित और आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत हैं. लखनऊ में होने वाला यह आयोजन प्रदेश के युवाओं के बीच कौशल विकास को लेकर नया उत्साह पैदा करेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



