Singrauli Murder Case
Singrauli Murder Case: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन की हत्या के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ. परिजनों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और उनका हाफ एनकाउंटर करने की मांग को लेकर जयंत पुलिस चौकी के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया. करीब 15 घंटे तक चले इस प्रदर्शन से यूपी-एमपी बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. देर रात पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया और एक दर्जन से अधिक नेताओं को हिरासत में ले लिया. इसके बाद रात करीब 11 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया.
मामूली विवाद में चाकूबाजी, इलाज के दौरान हुई मौत
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र की जयंत पुलिस चौकी इलाके में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. आरोप है कि कुछ लोगों ने भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन को घेर लिया और पहले लाठी-डंडों व रॉड से हमला किया. इसके बाद उन पर चाकू से वार कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र को पहले नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया गया. हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
सुबह 7 बजे से शव रखकर शुरू हुआ प्रदर्शन
भूपेंद्र की मौत के बाद परिजन उसी एंबुलेंस से शव लेकर जयंत पुलिस चौकी पहुंच गए. बुधवार सुबह करीब 7 बजे से शव को चौकी के सामने रखकर धरना शुरू कर दिया गया. धीरे-धीरे मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता पहुंच गए. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घरों पर तत्काल बुलडोजर चलाने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. चक्काजाम के कारण यूपी-एमपी मार्ग पूरी तरह प्रभावित रहा. सड़क के दोनों तरफ हजारों वाहन फंस गए और लंबी कतारें लग गईं. पुलिस, प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका.
महापौर और विधायक की समझाइश भी रही बेअसर
मामले को शांत कराने के लिए सिंगरौली की महापौर रानी अग्रवाल और विधायक राम निवास शाह भी मौके पर पहुंचे. पुलिस प्रशासन के साथ उनकी बैठक भी हुई. घंटों तक बातचीत चली, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे. आखिरकार महापौर और विधायक को बिना किसी नतीजे के लौटना पड़ा.
रात 10:30 बजे पुलिस ने संभाला मोर्चा
बुधवार रात करीब 10 बजे पुलिस ने सख्त रुख अपनाया. जयंत पुलिस चौकी को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. प्रदर्शनकारियों को सड़क खाली करने की चेतावनी दी गई. इसके बावजूद जब जाम नहीं खुला तो रात करीब 10:30 बजे पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ दिया. इस दौरान एक दर्जन से अधिक नेताओं को हिरासत में लिया गया. रात 11 बजे मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया.
हत्या के आरोप में चार हिरासत में, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने हत्या के मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि कई अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं. घटना में शामिल आरोपियों के संबंध एक भाजपा नेता से होने की भी चर्चा है. वहीं, इस वारदात में जिला बदर का आरोपी भी शामिल बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






