UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है.एक ओर जहां पार्टी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर रही है, वहीं दूसरी ओर एनडीए गठबंधन में शामिल सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर भी कवायद तेज हो गई है.गठबंधन के चारों प्रमुख दलों के साथ बेहतर तालमेल बैठाने और सीटों का समीकरण सुलझाने के लिए बीजेपी शीर्ष नेतृत्व ने राज्य के चार बड़े नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी है.
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से काफी पहले सीट बंटवारे की प्रक्रिया शुरू कर बीजेपी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह गठबंधन में किसी भी तरह के मतभेद की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहती.सीएम योगी समेत चार दिग्गजों को अलग-अलग दलों से संवाद की जिम्मेदारी देना एक सधी हुई राजनीतिक रणनीति है.हालांकि, चार सहयोगियों की बढ़ी हुई महत्वाकांक्षाओं और सीटों की मांग के बीच संतुलन बनाना बीजेपी नेतृत्व के लिए एक बड़ी परीक्षा साबित होगा.
किस नेता को मिली किस सहयोगी दल की जिम्मेदारी?
तय रणनीति के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ सीटों को लेकर बातचीत करेंगे.उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को अपना दल (एस) से चर्चा करने का जिम्मा दिया गया है.वहीं, दूसरे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के साथ तालमेल बैठाएंगे.इसके अलावा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी निषाद पार्टी के नेतृत्व से सीटों के बंटवारे पर संवाद करेंगे.
जमीनी ताकत परखने के बाद केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सहयोगी दलों के साथ बातचीत का यह सिलसिला इसी सप्ताह शुरू हो सकता है.इस दौरान बीजेपी के ये चारों वरिष्ठ नेता सहयोगी दलों की सीटों को लेकर की जा रही दावेदारी और उनकी मांगों के पीछे के तर्कों को गहराई से समझेंगे.साथ ही, वे संबंधित सीटों पर सहयोगियों की जमीनी मजबूती का भी आकलन करेंगे.पूरी बातचीत और समीक्षा के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी, जिस पर अंतिम मुहर आलाकमान की सहमति से लगेगी.
रालोद और सुभासपा के आने से बढ़ा गठबंधन का आकार
पिछले यानी 2022 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार एनडीए गठबंधन का दायरा बड़ा हो गया है.पिछली बार सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाली रालोद और सुभासपा अब एनडीए का हिस्सा हैं.2022 के चुनाव में रालोद ने 33 और सुभासपा ने 18 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे.ऐसे में 2027 के चुनाव में भी दोनों दल कम से कम इतनी ही सीटों की हिस्सेदारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं.
पुराने सहयोगियों की भी बढ़ी अपेक्षाएं
नए साथियों के साथ-साथ बीजेपी के पुराने सहयोगी भी अपने पिछले प्रदर्शन के आधार पर ज्यादा सीटों का दबाव बना सकते हैं.अपना दल (एस) ने 2017 में 11 में से 9 और 2022 में 17 में से 12 सीटों पर जीत दर्ज कर शानदार स्ट्राइक रेट दिखाया था, इसलिए पार्टी इस बार अधिक सीटों की मांग कर सकती है.वहीं, पिछले चुनाव में 14 सीटें पाने वाली निषाद पार्टी (जिनमें से 6 पर बीजेपी के सिंबल पर प्रत्याशी लड़े थे) भी इस बार अपने कोटे में बढ़ोतरी की अपेक्षा रख रही है.
यह भी पढ़ें-सीएम योगी की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन, पैतृक गांव पंचूर में ली अंतिम सांस
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






