Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

11 लाख दीयों से जगमगाई काशी, 40 देशों के मेहमानों समेत 15 लाख पर्यटक पहुंचे; देखें भव्य नजारा

Varanasi Dev Deepawali: वाराणसी में देव दीपावली का पर्व भव्यता के साथ मनाया गया. नमो घाट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पहला दीप जलाया, जिसके बाद 84 घाटों पर करीब 11 लाख दीये रोशन हुए. देव दीपावली देखने के लिए 40 देशों से विदेशी मेहमान और करीब 15 लाख पर्यटक काशी पहुंचे. गंगा आरती, लेजर शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी ने आयोजन को यादगार बना दिया.

Varanasi Dev Deepawali

Varanasi Dev Deepawali

Varanasi Dev Deepawali 2026: धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में देव दीपावली का पर्व पूरे उल्लास और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है. गंगा के 84 घाट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगा उठे हैं. इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक वाराणसी पहुंचे हैं. नमो घाट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पहला दीप जलाकर दीपोत्सव का शुभारंभ किया. इसके बाद काशी के सभी 84 घाटों पर करीब 11 लाख दीये जलाए गए. चारों ओर दीपों की रोशनी ने गंगा तट को बेहद खूबसूरत बना दिया.

84 घाटों पर 11 लाख दीयों से रोशन हुई काशी

देव दीपावली के अवसर पर काशी के घाटों को विशेष रूप से सजाया गया है. नमो घाट से लेकर हरिश्चंद्र घाट तक दीपों की कतारें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में भी आकर्षक सजावट की गई है. वहीं, मसान घाट की अनोखी सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है. गंगा के दोनों किनारों पर रोशनी और दीपों का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है.

40 देशों से पहुंचे विदेशी मेहमान, 15 लाख पर्यटक आए

देव दीपावली की भव्यता देखने के लिए इस बार 40 देशों से विदेशी मेहमान काशी पहुंचे हैं. जानकारी के मुताबिक, करीब 15 लाख पर्यटकों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया. घाटों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी. शाम होते ही दीयों की रोशनी में पूरा गंगा तट जगमगा उठा.

गंगा आरती, लेजर और ड्रोन शो ने बढ़ाई रौनक

दीपोत्सव के साथ पर्यटकों के लिए कई आकर्षक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं. गंगा आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. इसके अलावा लेजर शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी ने आयोजन की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए. आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी और गंगा किनारे जलते लाखों दीयों का नजारा लोगों के लिए यादगार बन गया.

विदेशी पर्यटकों ने की देव दीपावली की तारीफ

काशी की देव दीपावली देखने पहुंचे विदेशी पर्यटक भी इस आयोजन की भव्यता से बेहद प्रभावित नजर आए. कंबोडिया से आईं जेसिका ने कहा कि उन्हें इतने बड़े और शानदार उत्सव की उम्मीद नहीं थी. वहीं, ग्रीस से आईं एलेक्सिया ने भारत की खूबसूरती और आध्यात्मिकता की सराहना की. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक बार काशी जरूर आना चाहिए.

पिछले साल जले थे 25 लाख दीये

काशी में देव दीपावली का आयोजन हर साल अपनी भव्यता के नए आयाम स्थापित कर रहा है. पिछले साल 2025 में इस अवसर पर करीब 25 लाख दीये जलाए गए थे. इस बार भी लाखों दीयों से सजे घाटों ने देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित किया है. गंगा आरती, दीपदान और सांस्कृतिक आयोजनों के बीच काशी एक बार फिर अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी छटा बिखेर रही है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism