Jilga Forest Elephant Attack: प्रियंका कौशल/कोरबा: छत्तीसगढ़ के कूदमुरा वन परिक्षेत्र के जिलगा जंगल में हाथी को खदेड़ने की कोशिश उस वक्त भारी पड़ गई, जब एक हाथी ने ग्रामीणों के ट्रैक्टर पर ही हमला बोल दिया. गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. हालांकि, अचानक हुए इस हमले से मौके पर भगदड़ और अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय वहां हाथी दल के साथ वन विभाग के बीट गार्ड और डिप्टी रेंजर भी मौजूद थे.
खदेड़ने की कोशिश में भड़का हाथी
मिली जानकारी के मुताबिक, जिलगा जंगल इलाके में हाथी की मौजूदगी की सूचना पर कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर उसे जंगल की ओर भगाने पहुंच गए. ग्रामीण वाहन के जरिए हाथी को पीछे धकेलने का प्रयास कर रहे थे कि तभी हाथी भड़क गया और सीधे ट्रैक्टर को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया.
हाथी के आक्रामक तेवर देखकर वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. राहत की बात सिर्फ इतनी रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने इलाके के लोगों को बुरी तरह डरा दिया है.
अफसरों की मौजूदगी पर उठे सवाल
इस घटना के बाद अब वन विभाग की कार्यशैली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. जब मौके पर बीट गार्ड, डिप्टी रेंजर और प्रशिक्षित हाथी दल पहले से तैनात थे, तो आम ग्रामीणों को ट्रैक्टर लेकर हाथी के इतने करीब जाने की अनुमति किसने दी?
वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि बिना प्रशिक्षण भारी वाहनों से हाथियों को खदेड़ना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. फिलहाल पूरे मामले में विभागीय लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की जांच की बात कही जा रही है.
यह भी पढ़ें: कोहरे के मौसम में यमुना एक्सप्रेसवे पर सख्ती, 75 किमी प्रति घंटा होगी अधिकतम रफ्तार
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





