Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

अदाणी ग्रुप के NMIA ने रचा इतिहास, 11 महीने में 40 लाख यात्रियों का आंकड़ा पार, कार्गो में भी मारी बाजी

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 11 महीने में 41 लाख से अधिक यात्रियों को सेवा दी. जानिए एयरपोर्ट की यात्री संख्या, कार्गो कारोबार, नए रूट, जेद्दा उड़ान और भविष्य की विस्तार योजनाओं की पूरी जानकारी.

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) ने अपनी शुरुआत के एक साल पूरा होने से पहले ही बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. 25 दिसंबर 2025 को वाणिज्यिक परिचालन शुरू करने वाले इस एयरपोर्ट ने 11 महीने से भी कम समय में 40 लाख यात्रियों का आंकड़ा पार कर लिया है. यह उपलब्धि मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (एमएमआर) के एविएशन नेटवर्क में एयरपोर्ट की तेजी से बढ़ती भूमिका को दर्शाती है. अगले महीने अपनी पहली वर्षगांठ से पहले यह उपलब्धि एयरपोर्ट के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

घरेलू यात्रियों की रही सबसे ज्यादा हिस्सेदारी

एयरपोर्ट से अब तक कुल 41,01,409 यात्रियों ने सफर किया है. इनमें 40,88,840 घरेलू यात्री और 12,569 अंतरराष्ट्रीय यात्री शामिल हैं. यात्रियों के आवागमन के आंकड़े भी संतुलित रहे हैं. कुल 20,23,241 यात्री यहां पहुंचे, जबकि 20,78,168 यात्रियों ने यहां से उड़ान भरी. इससे साफ है कि यात्रियों के बीच यह एयरपोर्ट तेजी से पसंदीदा विकल्प बनता जा रहा है.

विमानों की आवाजाही में भी तेज बढ़ोतरी

यात्री संख्या के साथ-साथ एयरपोर्ट का परिचालन भी लगातार बढ़ रहा है. अब तक यहां 31,043 यात्री विमान संचालन दर्ज किए गए हैं. इनमें 30,940 घरेलू और 103 अंतरराष्ट्रीय विमान मूवमेंट शामिल हैं. एयरलाइन गतिविधियों में इंडिगो सबसे आगे रही, जिसकी हिस्सेदारी 44.77 प्रतिशत दर्ज की गई. इसके बाद अकासा एयर की 13.12 प्रतिशत, एयर इंडिया की 9.55 प्रतिशत, फ्लाई91 की 132 उड़ानें और स्टार एयर की 54 उड़ानें दर्ज की गईं.

जनरल एविएशन में भी मजबूत प्रदर्शन

एनएमआईए ने केवल नियमित यात्री उड़ानों में ही नहीं बल्कि जनरल एविएशन क्षेत्र में भी अपनी क्षमता दिखाई है. एयरपोर्ट ने अब तक 1,092 जनरल एविएशन मूवमेंट संभाले हैं. प्रबंधन का कहना है कि यह उपलब्धि यात्रियों और एयरलाइन कंपनियों के भरोसे का नतीजा है तथा एयरपोर्ट लगातार अपने बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर काम कर रहा है.

कार्गो कारोबार में भी बढ़ी पकड़

यात्रियों के साथ-साथ कार्गो सेवाओं में भी एयरपोर्ट ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है. 18 एयरलाइनों के जरिए 24 वैश्विक कार्गो गंतव्यों से जुड़े इस एयरपोर्ट ने 15 नवंबर 2026 तक 40,868 मीट्रिक टन कार्गो का प्रबंधन किया. इसमें 9,218 टन घरेलू और 31,652 टन अंतरराष्ट्रीय कार्गो शामिल रहा. इसके अलावा 7,558.63 मीट्रिक टन निर्यात और 11,09,145 मीट्रिक टन आयात कार्गो भी संभाला गया.

ये भी पढ़ें-कल 1400 अंक टूटा, आज 1400 अंक उछला: आखिर बाजार में क्यों आया इतना बड़ा पलटवार?

नए रूट और जेद्दा उड़ान की तैयारी

विंटर 2026 शेड्यूल के तहत एयरपोर्ट का नेटवर्क और मजबूत होने जा रहा है. इसके जरिए 45 घरेलू और दो अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी. साथ ही अगत्ती, बागडोगरा, दरभंगा, गुवाहाटी, जैसलमेर, जोधपुर, रांची, सिंधुदुर्ग और उदयपुर जैसे नौ नए घरेलू रूट जोड़े गए हैं. अंतरराष्ट्रीय विस्तार के तहत दिसंबर 2026 से जेद्दा (सऊदी अरब) के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism