Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

लखनऊ में खादी महोत्सव-2026 का आगाज, मंत्री राकेश सचान ने किया शुभारंभ; 150 स्टॉल पर दिखेगा स्वदेशी उत्पादों का हुनर

UP Khadi Mahotsav: लखनऊ के गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में मंत्री राकेश सचान ने उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया. 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में 150 स्टॉल लगाए गए हैं. खादी उत्पादों के साथ बुनकरों और स्थानीय कारीगरों को अपने हुनर के प्रदर्शन का मौका मिलेगा.

UP Khadi Mahotsav

UP Khadi Mahotsav

UP Khadi Mahotsav: लखनऊ में शुक्रवार को 10 दिवसीय राज्य स्तरीय ‘उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ. गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने महोत्सव का उद्घाटन किया. उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित यह महोत्सव 27 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक चलेगा. इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए खादी उद्यमियों, बुनकरों और शिल्पकारों के उत्पादों के लिए कुल 150 स्टॉल लगाए गए हैं.

‘धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति’ है महोत्सव की थीम

इस साल खादी महोत्सव की थीम ‘धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति’ रखी गई है. उद्घाटन के बाद मंत्री राकेश सचान ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद कारीगरों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया. इस दौरान उन्होंने कहा कि आज खादी की पहचान तेजी से बदल रही है. 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन की विश्वसनीयता के साथ खादी अब आधुनिक और डिजाइनर परिधानों के रूप में युवाओं को भी आकर्षित कर रही है. यह केवल पारंपरिक पहनावा नहीं, बल्कि फैशन और स्वदेशी सोच का प्रतीक बनती जा रही है. कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर और उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर भी मौजूद रहे.

खादी स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि खादी सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का सशक्त विचार है. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने आजादी की लड़ाई के दौरान खादी को स्वावलंबन का सबसे बड़ा माध्यम बनाया था. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान से वर्ष 2014 के बाद खादी को नई पहचान और रफ्तार मिली है. प्रधानमंत्री अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से भी लोगों को खादी अपनाने और बुनकरों को प्रोत्साहित करने की अपील करते रहे हैं. इससे देश के लाखों बुनकर परिवारों को आर्थिक संबल मिल रहा है.

5 साल में 2,544 करोड़ रुपये का ऋण, 2.79 लाख लोगों को रोजगार

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए लगातार काम कर रही है. सरकार का लक्ष्य युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है. उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है. इस आर्थिक सहायता से प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनके माध्यम से 2.79 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है. इसके अलावा प्रदेश के सभी 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों के 27,508 स्टॉलों के जरिए उद्यमियों ने 161.54 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की है. यह आंकड़ा खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों के प्रति लोगों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है.

खादी के कपड़ों की खरीद पर मिल रही 30 फीसदी छूट

राकेश सचान ने लोगों से विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों में भी खादी के परिधानों को अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि इससे पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय बुनकरों और कारीगरों की आमदनी भी बढ़ेगी. उन्होंने बताया कि ग्राहकों की सुविधा के लिए प्रदेश के अलग-अलग शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र खोले जा रहे हैं. वहीं, गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर से खादी वस्त्रों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं.

लखनऊ के लोगों से महोत्सव में आने की अपील

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राकेश सचान ने लोगों को खादी को जन-जन तक पहुंचाने, ग्रामोद्योग उत्पादों को बढ़ावा देने और स्थानीय कारीगरों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का संकल्प दिलाया. साथ ही युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा स्वदेशी उत्पाद अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की. उन्होंने लखनऊ के निवासियों से विशेष आग्रह किया कि वे इस 10 दिवसीय महोत्सव में जरूर पहुंचें और कम से कम एक खादी वस्त्र की खरीदारी करें. इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और बुनकरों तथा शिल्पकारों के हुनर को सम्मान मिलेगा.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism