लॉस एंजिलिस में 5.0 तीव्रता का भूकंप
Los Angeles Earthquake: अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत का लॉस एंजिलिस क्षेत्र शनिवार (स्थानीय समयानुसार) को जबरदस्त भूकंप से दहल गया. सुबह 5.0 तीव्रता का भूकंप आया. इसके बाद 40 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए. लगातार झटकों के कारण दक्षिणी कैलिफोर्निया के कई इलाकों में लोगों में दहशत फैल गई.
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9:30 बजे मैनहट्टन बीच के तट से लगभग छह मील दूर आया. इसकी गहराई जमीन से करीब 5.6 मील नीचे दर्ज की गई.
40 से ज्यादा बार आए आफ्टरशॉक
भूकंप के करीब दो घंटे बाद सुबह 11:41 (आईएसटी रात के 1:11 बजे) बजे हर्मोसा बीच के पास 4.5 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया. इसके अलावा कई छोटे झटके भी आए. शुरुआती भूकंप के बाद 40 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए. उन्होंने इसे अपेक्षाकृत सक्रिय आफ्टरशॉक श्रृंखला बताया.
भूकंप के बाद लॉस एंजिलिस अग्निशमन विभाग (एलएएफडी) ने आपातकालीन भूकंप प्रतिक्रिया व्यवस्था सक्रिय कर दी. शहर के सभी 106 अग्निशमन केंद्रों से कर्मचारियों को इमारतों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की स्थिति जांचने के लिए तैनात किया गया.
बड़े नुकसान की सूचना नहीं
लॉस एंजिलिस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलएएक्स) के टर्मिनल-7 में कुछ शीशे टूट गए और छत के कुछ पैनल गिर गए. हालांकि, हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित नहीं हुआ. सीएनएन ने बताया कि शुरुआती आकलन में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली.
मैनहट्टन बीच और हर्मोसा बीच के समुद्री तटों पर एहतियातन पियर बंद कर दिए गए. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूकंप के कारण सुनामी का कोई खतरा नहीं है.
यूएसजीएस ने 4.0 या उससे अधिक तीव्रता वाले आफ्टरशॉक की 30% संभावना जताई थी.
लॉस एंजिलिस महानगरीय क्षेत्र में इससे पहले 2014 में 5.1 तीव्रता का भूकंप आया था. इस लिहाज से शनिवार का भूकंप पिछले 12 वर्षों में क्षेत्र के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में शामिल रहा. कैलिफोर्निया भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र है. यहां कई सक्रिय भूगर्भीय भ्रंश रेखाएं मौजूद हैं.
(IANS के इनपुट पर आधारित)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




