तमिलनाडु के मदुरै में स्थित पवित्र धार्मिक स्थल तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी शनिवार शाम एक ऐसे ऐतिहासिक और भावुक कर देने वाले क्षण का गवाह बनी, जिसका इंतजार श्रद्धालुओं को 150 से अधिक वर्षों से था. सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देश के बाद जैसे ही शाम पांच बजे पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित पत्थर के स्तंभ यानी ‘दीपथून’ पर कार्तिगई दीपम (महा दीपम) प्रज्वलित किया गया, वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं.
बता दें चारों ओर “भगवान मुरुगन की जय” और “वेत्रिवेल, वीरवेल” के जयकारों से आकाश गूंज उठा. इस दिव्य और भावुक क्षण के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें भक्तों की अटूट आस्था और खुशी साफ देखी जा सकती है.
अंगवस्त्रम लहराते भक्तों का VIDEO वायरल
शाम ठीक पांच बजे जैसे ही दीपथून के ऊपर महा दीपम की लौ प्रज्वलित हुई, दशकों से इस अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे श्रद्धालु और हिंदू संगठनों के सदस्य अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए. कई भक्तों की आंखों से खुशी के आंसू बह निकले, तो हजारों लोगों ने पुष्प वर्षा कर इस पल का स्वागत किया.
शंखनाद, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने उत्साह में अपने ऊपरी अंगवस्त्रम (दुपट्टे) हवा में लहराकर नृत्य किया.
पहाड़ी की तलहटी से लेकर आसपास के फ्लाईओवर, घरों और ऊंची इमारतों की छतों पर खड़ी भारी भीड़ इस अद्भुत नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करती दिखी, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर हर किसी को भावुक कर रहा है.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ उमड़ा श्रद्धा, आस्था और भावनाओं का अथाह सागर…
थिरुपरांकुंदरम की पहाड़ी पर जब दीप प्रज्ज्वलित हुआ, तो मानो केवल एक ज्योति ही नहीं जली, बल्कि असंख्य हृदयों की भावनाएँ भी उमड़ पड़ीं। दृश्य कुछ ऐसा था, जैसे तमिलनाडु की धरा स्वयं भावविह्वल हो उठी हो और हर नेत्र श्रद्धा एवं संवेदना से सजल हो गया हो…
— Divya Gaurav Tripathi 🇮🇳 (@write2divya) November 28, 2026
50 मीटर लंबी बाती से जली महाज्योति
सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त किए गए हाई कोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों—जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन—की मौजूदगी और CRPF के कड़े सुरक्षा घेरे में यह पावन अनुष्ठान संपन्न हुआ. मिट्टी के एक विशाल दीपक में 30 किलोग्राम शुद्ध घी और 5 किलोग्राम कपूर डाला गया था, जिसमें करीब 50 मीटर लंबी सूती बाती तैयार कर महा दीपम प्रज्वलित किया गया. सुरक्षा कारणों से दीपथून के ठीक पास केवल चुनिंदा लोगों को ही अनुमति दी गई थी, लेकिन नीचे तलहटी में जनसैलाब उमड़ पड़ा.
1862 से अब तक: डेढ़ सदी का संघर्ष
इतिहास के पन्नों के मुताबिक, ब्रिटिश शासनकाल के दौरान वर्ष 1862 और 1912 में भी इस स्थान पर दीप जलाने के प्रयास किए गए थे, लेकिन वे सफल नहीं हो सके थे. इसके बाद 1990 के दशक की शुरुआत में हिंदू मुन्नानी द्वारा जन आंदोलन खड़ा किया गया और दशकों तक अदालतों में लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी गई. हाल ही में 24 नवंबर को आदेश के बावजूद दीप न जलाए जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कड़ी नाराजगी जताते हुए तमिलनाडु के मुख्य सचिव व अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया था, और पहाड़ी की सुरक्षा CRPF को सौंपते हुए शनिवार (28 नवंबर) को दीपथून पर ही दीप जलाने का स्पष्ट निर्देश दिया था.
पीएम मोदी ने भी दी बधाई
इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की. साथ ही आतिशबाजी, शंखनाद और भक्तिमय माहौल के बीच संपन्न हुए इस आयोजन को श्रद्धालु सनातन संस्कृति और आस्था की एक बड़ी जीत के रूप में देख रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



