Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

महिला आरक्षण और परिसीमन पर सरकार का बड़ा प्लान, पीएम मोदी ने बताया क्यों है जरूरी?

परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार नई तैयारी में है. पीएम मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को जरूरी बताते हुए महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया.

PM Modi

केंद्र सरकार आगामी विशेष सत्र में संशोधित परिसीमन विधेयक ((Delimitation Bill)) पेश करने की तैयारी में है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और देश के विकास को लेकर बड़ा संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति तभी सार्थक होगी, जब उसमें महिलाओं की आकांक्षाओं और सपनों को बराबरी से जगह मिले. उनके इस बयान को आगामी विधायी पहल से जोड़कर देखा जा रहा है.

अप्रैल में नहीं मिल पाई थी सफलता

सरकार इससे पहले भी इस दिशा में कदम बढ़ा चुकी है लेकिन सफलता नहीं मिली थी. अप्रैल 2026 में लाए गए 131वें संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में विशेष बहुमत हासिल नहीं हो सका था. संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई समर्थन न मिलने के कारण वह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पाया. अब सरकार फिर से इस मुद्दे को संसद के सामने रखने जा रही है.

पीएम ने साझा किया पुराना वीडियो

रविवार को पीएम मोदी (PM Modi) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया. यह वीडियो उनके पुराने भाषण का हिस्सा था जिसमें उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर अपनी सोच और सरकार की प्रतिबद्धता पर विस्तार से बात की थी. वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि भारत की तरक्की और नारी शक्ति के बड़े सपने एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं.

पीएम ने वीडियो में क्या कहा?

वीडियो में पीएम (PM Modi) कहते नजर आते हैं कि राजनीतिक और निर्णय लेने वाली संस्थाओं में महिलाओं की मौजूदगी बढ़ाने की मांग कोई नई नहीं है. उन्होंने कहा कि दशकों से इस दिशा में प्रयास होते रहे हैं और वह स्वयं भी लंबे समय से इस अभियान का हिस्सा रहे हैं. उनके अनुसार, महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देना लोकतंत्र को और मजबूत बनाने की दिशा में जरूरी कदम है.

विपक्षी दलों पर भी हमला

पीएम (PM Modi) ने अपने संदेश में विपक्षी दलों पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि बीजेपी और एनडीए महिलाओं को सशक्त बनाने के अपने संकल्प पर अडिग हैं. उनके मुताबिक राष्ट्रीय हित हमेशा सर्वोपरि रहना चाहिए लेकिन जब राजनीतिक दल अपने हितों को देशहित से ऊपर रखने लगते हैं तो इसका नुकसान महिलाओं और राष्ट्र दोनों को उठाना पड़ता है.

‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को बताया जरूरी

पीएम मोदी (PM Modi) ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम समय की मांग है और इसे अमल में लाना बेहद आवश्यक है. उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की आधी आबादी के सपनों को पूरा करने और भारत के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए इस संकल्प को हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए.

कब है सदन की कार्यवाही?

लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से दोबारा शुरू होने वाली है, जबकि राज्यसभा 2 दिसंबर से बैठेगी. इससे पहले 27 नवंबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी.

सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव

सरकार की नई रूपरेखा के अनुसार लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है. यदि यह योजना लागू होती है तो लोकसभा की कुल सदस्य संख्या बढ़कर लगभग 850 तक पहुंच सकती है. सरकार का दावा है कि इससे प्रतिनिधित्व का दायरा व्यापक होगा.

ये भी पढ़ें-मन की बात: पीएम मोदी ने सैफ चैंपियनशिप जीतने पर भारतीय फुटबॉल टीम को सराहा

2029 चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने का लक्ष्य

सरकार का इरादा परिसीमन और आरक्षित सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया पूरी कर 2029 के आम चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने का है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism