Ajab Gajab: कई लोग सफलता के लिए बड़े कॉलेज, महंगी डिग्री या मजबूत बैग्राउंड को जरूरी मानते हैं. लेकिन 19 वर्षीय आयुष सिंह की कहानी इस सोच को पूरी तरह बदल देती है. कम उम्र में ही उन्होंने अपने टैलेंट के दम पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में अपनी पहचान बनाई और आज उनकी कमाई करोड़ों रुपये महीने तक पहुंचने की चर्चा हो रही है.
जी हां, आयुष की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. लोगों को हैरानी इस बात की है कि जिस उम्र में ज्यादातर छात्र स्कूल और करियर की शुरुआती तैयारी में जुटे होते हैं, उस उम्र में आयुष ने अपना AI आधारित बिजनेस खड़ा कर लिया.
आर्थिक तंगी के बीच सीखना नहीं छोड़ा
कोरोना महामारी के दौरान जब कई परिवार आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे थे, तब आयुष का परिवार भी मुश्किल दौर से गुजर रहा था. उस समय उनकी उम्र महज 13 साल थी. न कोई महंगी कोचिंग थी, न एडवांस संसाधन. उनके पास सिर्फ एक पुराना लैपटॉप, लिमिटेड इंटरनेट और ऑनलाइन उपलब्ध कुछ पुराने कोर्स थे.
लेकिन सीखने की जिद इतनी मजबूत थी कि उन्होंने खुद ही मशीन लर्निंग और AI से जुड़ी तकनीकों को समझना शुरू कर दिया. धीरे-धीरे उनका ज्ञान बढ़ता गया और उन्होंने छोटे-छोटे प्रोजेक्ट्स पर काम करना शुरू कर दिया.
14 साल की उम्र में मिला बड़ा सम्मान
आयुष की प्रतिभा जल्द ही लोगों की नजर में आने लगी. बताया जाता है कि महज 14 साल की उम्र में उनके बनाए एक कोर्स की चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंची. दुनिया के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में गिने जाने वाले MIT ने भी उनके काम की सराहना की थी. धीरे-धीरे कम उम्र में मिली यह पहचान उनके लिए बड़ा मोड़ साबित हुई. इसके बाद उन्हें विदेशी स्टार्टअप्स के साथ काम करने के अवसर मिलने लगे.
ये भी पढ़ें- मुंबई CSMT स्टेशन पर भारी बारिश के बीच ट्रेन के इंजन में घुस गया अजगर, आधी रात को रेल कर्मियों ने ऐसे निकाला बाहर
हुनर को बनाया कमाई का जरिया
शुरुआती दिनों में आयुष की कमाई बहुत ज्यादा नहीं थी. लेकिन समय के साथ उन्होंने सिर्फ तकनीकी ज्ञान पर ही नहीं, बल्कि अपने ज्ञान को लोगों तक पहुंचाने पर भी ध्यान दिया. यही फैसला उनके लिए गेम चेंजर साबित हुआ.
आज वह AI से जुड़े प्रीमियम कोर्स और ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाते हैं, जहां हजारों लोग उनसे सीखते हैं. इसी के दम पर उन्होंने अपनी एक मजबूत पहचान और सफल बिजनेस मॉडल तैयार किया है.
सोशल मीडिया पर लोग हैरान
आयुष की कहानी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कई लोगों ने इसे बेहद प्रेरणादायक बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में अपनी तुलना आयुष से करनी शुरू कर दी.
एक यूजर ने लिखा कि 19 साल की उम्र में इतनी सफलता देखकर उसे अपनी उपलब्धियां बहुत छोटी लगने लगीं. वहीं दूसरे यूजर ने हंसते हुए कहा कि यह कहानी पढ़ने के बाद उसे अपने पुराने दिनों की याद आ गई जब वह इस उम्र में करियर को लेकर ही उलझा हुआ था.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



