फोटो क्रेडिट- एआई जनरेटेड
Job resignation: दिल्ली से नौकरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर दिया है.एक शख्स ने कंपनी में ज्वॉइन करने के महज 6 घंटे बाद ही इस्तीफादे दिया. हैरानी की बात यह रही कि नौकरी छोड़ने की वजह कोई सैलरी या बॉस की डांट नहीं, बल्कि कंपनी की असली तस्वीर थी, जो उसे पहले ही दिन पता चल गई.
6 राउंड इंटरव्यू, 6 घंटे की ट्रेनिंग और खुल गया राज
इस दिलचस्प घटना को ‘हायरिंग इनसाइडर’ के फाउंडर हर्षित श्रीवास्तव ने लिंक्डइन पर शेयर किया. उनके एक सहकर्मी ने नौकरी छोड़ने का फैसला किया था. लेकिन मैनेजर ने शर्त रख दी कि अगर वह जल्दी रिलीज चाहता है तो उसे खुद अपना रिप्लेसमेंट ढूंढना होगा और नए कर्मचारी को ट्रेनिंग भी देनी होगी. पुराने कर्मचारी ने एक उम्मीदवार ढूंढ लिया और उसे कंपनी में ऑनबोर्ड करवा दिया. इसके बाद शुरू हुई ट्रेनिंग, लेकिन यही ट्रेनिंग कंपनी के लिए भारी पड़ गई.
इंटरव्यू में जो नहीं बताया, ट्रेनिंग में सब खुल गया
नए कर्मचारी को पुराने कर्मचारी ने बिना किसी लाग-लपेट के कंपनी का असली वर्क कल्चर बता दिया. काम का दबाव कितना है, कितने घंटे काम करना पड़ता है और रोजमर्रा की चुनौतियां क्या हैं—उसने सबकुछ साफ-साफ बता दिया. यानी जिस नौकरी की तस्वीर 6 राउंड के इंटरव्यू में भी साफ नहीं हुई थी, वह सिर्फ 6 घंटे की ट्रेनिंग में पूरी तरह सामने आ गई. नतीजा? नए कर्मचारी ने दिन खत्म होने से पहले ही फैसला कर लिया—‘मुझसे नहीं होगा.’
यह भी पढ़ें: “मेरी कुंडली में दूसरी शादी का योग…” गोविंदा के पुराने बयान से मचा बवाल
मैनेजर का पारा चढ़ा, पुराने कर्मचारी को लगाई फटकार
नए कर्मचारी के इस्तीफा देते ही मैनेजर नाराज हो गए. उन्होंने पुराने कर्मचारी को फोन कर सवाल किया कि आखिर उसने नए लड़के को ऐसा क्या बता दिया कि उसने कुछ ही घंटों में नौकरी छोड़ दी. पुराने कर्मचारी का जवाब भी कम हैरान करने वाला नहीं था. उसने कहा कि उसने वही बताया, जो मैनेजर ने खुद उसे सिखाने के लिए कहा था—यानी काम की असली सच्चाई.
नौकरी से ज्यादा वायरल हुई कहानी
घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पारदर्शी हायरिंग को लेकर बहस छिड़ गई. कई यूजर्स का कहना है कि कंपनियों को इंटरव्यू के दौरान नौकरी की वास्तविक जिम्मेदारियां, वर्किंग आवर्स और काम का दबाव साफ-साफ बताना चाहिए. आखिरकार, 6 घंटे में इस्तीफा देने वाला कर्मचारी शायद समय बर्बाद करने से बच गया, लेकिन इस अजीबोगरीब घटना ने कंपनियों की हायरिंग प्रक्रिया पर बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


