Bharat Express DD Free Dish

दीदी आप तो राजा बन गई…गरीब महिला के खाते में आए करोड़ों; डर के मारे खराब हो गई तबियत

बिहार के नवादा में एक गरीब महिला रेखा देवी जब सेंट्रल बैंक के खाते से 1100 रुपये की सरकारी पेंशन निकालने सीएसपी केंद्र पहुंचीं, तो उनकी रसीद पर 740 करोड़ रुपये का बैलेंस दिखाई दिया. इतनी बड़ी रकम देखकर महिला को गहरा सदमा लगा और डर के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई.

Bihar Nawada Woman Gets 740 Crore In Pension Bank Account

बिहार के नवादा शहर में मात्र 1100 रुपये की पेंशन निकालने गई एक गरीब महिला के होश उस वक्त उड़ गए जब उसे पता चला कि उसके खाते में अरबों रुपये जमा हैं. बैंक खाते में अचानक 740 करोड़ रुपये से अधिक की रकम देख महिला को ऐसा शॉक लगा कि डर के मारे उसकी तबीयत बिगड़ गई. यह अजीबोगरीब मामला पूरे इलाके में आग की तरह फैल गया है और हर तरफ इसी की चर्चा हो रही है.

‘दीदी, आप तो राजा बन गईं’

जानकारी के अनुसार, नवादा के नीम टोला मोहल्ले की रहने वाली रेखा देवी शुक्रवार (10 जुलाई) की शाम को अपनी सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 1100 रुपये निकालने एक ग्राहक सेवा केंद्र पर गई थीं. रेखा देवी का सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में खाता है. जैसे ही सीएसपी संचालक ने उनके खाते से 1100 रुपये निकाले, तो कंप्यूटर स्क्रीन और ट्रांजैक्शन रसीद पर बचा हुआ बैलेंस दिखाई दिया.

रसीद के अनुसार रेखा देवी के खाते में कुल 7,40,68,72,895.78 रुपये यानी की करीब 740 करोड़ रुपये का बैलेंस शो हो रहा था. यह देखते ही CSP संचालक ने कहा, ‘दीदी, आप तो राजा बन गईं!’

डर के मारे रात भर नहीं आई नींद

इतनी भारी-भरकम रकम देखकर रेखा देवी बुरी तरह घबरा गईं. उन्होंने बताया कि करोड़ों रुपये का बैलेंस दिखने के बाद वह इतनी डर गईं कि उन्हें रात भर नींद नहीं आई और चिंता के कारण उनकी तबीयत खराब हो गई.

रेखा देवी ने बताया, ‘हम एक बेहद गरीब परिवार से हैं, हमारे पास इतने पैसे कहां से आएंगे? मुझे लगा कि कहीं कोई बहुत बड़ी गड़बड़ी न हो गई हो. डर के मारे मैंने रात से खाना तक नहीं खाया है. अगर मेरा दिल थोड़ा भी कमजोर होता, तो मुझे पक्का हार्ट अटैक ही आ जाता.’ महिला का कहना है कि इसमें उनकी कोई गलती नहीं है, बल्कि यह बैंक या सिस्टम की बड़ी लापरवाही है.

तकनीकी खराबी या सर्वर का एरर?

जानकारों का मानना है कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सर्वर या सिस्टम में आई किसी तकनीकी खराबी के चलते ऐसा हुआ होगा. अब बैंक अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी.

बता दें कि इससे पहले भी बिहार के कई जिलों में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जहां बैंकों की गलती के चलते आम लोगों के खातों में अचानक करोड़ों-अरबों रुपये दिखने लगते हैं.

ये भी पढ़ें: इस देश में मरने के बाद भी देना पड़ता है ‘किराया’, पैसे रुकते ही शव के साथ होता है ये काम…

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read