Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

चोर हो तो ऐसा! 1.53 करोड़ की सरकारी बस ही चुरा ले गया शातिर, कबूलनामा सुन पुलिस के भी उड़े तोते

छोटी-मोटी चोरियों के जमाने में एक चोर ने सीधे 1.53 करोड़ रुपये की इलेक्ट्रिक ‘शिवाई’ बस पर ही हाथ साफ कर दिया. नागपुर से चोरी हुई यह बस अमरावती से बरामद हुई है. पकड़ा गया 23 वर्षीय आरोपी विष्णु नीलावर कोई आम चोर नहीं है, वह अब तक अलग-अलग राज्यों से 20 से ज्यादा सरकारी बसें उड़ा चुका है और उनके पार्ट्स निकालकर बेच देता था.

Ajab Gajab, Nagpur

Ajab Gajab: चोरी की वारदातें तो आपने बहुत सुनी होंगी, लेकिन क्या कभी सुना है कि कोई चोर पूरी की पूरी सरकारी बस ही गायब कर दे? ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला महाराष्ट्र में सामने आया है, जहां नागपुर के इमामवाड़ा बस स्टैंड से चोरी हुई एक चमचमाती इलेक्ट्रिक ‘शिवाई’ बस को पुलिस ने अमरावती से बरामद कर लिया है. इस लग्जरी बस की कीमत करीब 1 करोड़ 53 लाख रुपये बताई जा रही है. इस मामले में अमरावती की राजापेठ पुलिस ने तेलंगाना के एक ऐसे शातिर अंतरराज्यीय बस चोर को दबोचा है, जिसके कारनामे सुनकर खुद पुलिस भी दंग रह गई.

खुफिया इनपुट पर बुना गया जाल

दरअसल पुलिस को पक्की सूचना मिली थी कि नागपुर से चोरी हुई ‘शिवाई’ बस (नंबर MH 49 BZ 8258) अमरावती के नंदा मार्केट इलाके में लावारिस खड़ी है. खबर मिलते ही राजापेठ पुलिस की डीबी पथक (डिटेक्शन ब्रांच) तुरंत एक्टिव हुई. पुलिस ने बिना वक्त गंवाए जाल बिछाया और गद्रे चौक के पास से आरोपी को घेराबंदी करके हिरासत में ले लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान 23 साल के विष्णु गणपति नीलावर के रूप में हुई है, जो तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के हैत नगर का रहने वाला है.

कबूलनामा सुन उड़े पुलिस के होश

जब पुलिस ने विष्णु से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने एक के बाद एक कई चौंकाने वाले खुलासे किए. उसने कबूल किया कि वह कोई छोटा-मोटा चोर नहीं, बल्कि बसों की चोरी का ‘एक्सपर्ट’ है. वह अब तक तेलंगाना, हैदराबाद और आंध्र प्रदेश से 20 से ज्यादा सरकारी और निजी बसें उड़ा चुका है.

उसके चोरी करने का तरीका भी बड़ा अजीब था. वह बस चोरी करने के बाद उसके महंगे टायर, डिस्क और कीमती बैटरियां निकाल लेता था और उन्हें बाजार में बेच देता था. इसके बाद बस के बाकी हिस्से को वह वहीं लावारिस छोड़कर रफूचक्कर हो जाता था. इससे पहले उसने नांदेड़ बस डिपो से भी एक बस चोरी की थी, जिसकी जांच वजीराबाद पुलिस कर रही है. वहीं, आंध्र प्रदेश के तिरुमला क्राइम पुलिस स्टेशन में भी उसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं.

ये भी पढ़ें- ‘मेरी दुल्हनिया खोज दो..’, शादी के फोटोशूट के लिए गए तो भाग गई पत्नी; जबलपुर पुलिस भी परेशान

चार्जिंग पॉइंट से उड़ा ली थी 1.53 करोड़ की बस

जांच में पता चला है कि 1 जुलाई 2026 की रात करीब 1 बजे, यह इलेक्ट्रिक बस नागपुर के इमामवाड़ा बस स्टैंड पर चार्जिंग के लिए खड़ी थी. रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर आरोपी ने इसे वहां से पार कर दिया था. बस गायब होने के बाद नागपुर के गणेशपेठ थाने में केस दर्ज कराया गया था. अब अमरावती पुलिस कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर बरामद बस और इस शातिर चोर को आगे की कार्रवाई के लिए नागपुर पुलिस के हवाले करने की तैयारी कर रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital