इसे किस्मत कहें या पुलिस का जाल, लेकिन कनाडा के इतिहास की सबसे सनसनीखेज चोरी का एक और किरदार अब सलाखों के पीछे है. मामला किसी हॉलीवुड फिल्म की स्क्रिप्ट से कम नहीं, ज्यूरिख से सोना आता है, टोरंटो एयरपोर्ट पर उतरता है और पलक झपकते ही गायब हो जाता है! हम बात कर रहे हैं अप्रैल 2023 की उस मशहूर गोल्ड रॉबरी की, जिसमें 400 किलो शुद्ध सोना और करीब 21 करोड़ रुपये ($2.5 मिलियन) की विदेशी करेंसी चोरी हुई थी.
दुबई से लौटा और लग गई चौकी में हाजिरी
कनाडा पुलिस ने इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए ‘प्रोजेक्ट 24K’ चलाया हुआ है. इसी के तहत सोमवार को 43 वर्षीय अर्सलान चौधरी को टोरंटो पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया. अर्सलान दुबई से मजे करके कनाडा लौटा था, उसे लगा होगा कि वक्त बीतने के साथ मामला ठंडा पड़ गया होगा, लेकिन पुलिस की पैनी नजर उस पर ही थी. अर्सलान पर चोरी की साजिश रचने और चोरी का माल ठिकाने लगाने जैसे गंभीर आरोप हैं.
400 किलो सोना… आखिर गया कहां?
इस चोरी की सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि यह सोना कोई छोटा-मोटा गहना नहीं, बल्कि 6,600 से ज्यादा सोने की बिस्कुट थीं. यह शिपमेंट स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख से आया था. एयरपोर्ट जैसे हाई-सिक्योरिटी वाले इलाके से इतना भारी-भरकम सोना गायब होना अपने आप में अजूबा था. पुलिस ने जांच में पाया कि यह काम बाहर के किसी लुटेरे का नहीं, बल्कि अंदरूनी मिलीभगत का नतीजा था.
‘विभीषणों’ ने ही लूटी लंका
इस मामले में जो सबसे बड़ा खुलासा हुआ, उसने सबको चौंका दिया. इस मेगा चोरी के पीछे ‘घर के भेदियों’ का हाथ था. सिमरन प्रीत पनेसर नाम का एक शख्स, जो पहले ‘एयर कनाडा’ में काम करता था, इस पूरी साजिश का अहम हिस्सा निकला. आरोप है कि उसने एयरलाइन के कंप्यूटर सिस्टम में ऐसी हेरफेर की कि कीमती शिपमेंट का रास्ता ही बदल गया.
हैरानी की बात यह है कि सिमरन प्रीत फिलहाल भारत में कहीं छिपा बैठा है. पिछली बार उसे चंडीगढ़ के पास देखा गया था, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा. कनाडा पुलिस ने उसके खिलाफ ‘कनाडा-वाइड वारंट’ जारी कर रखा है.
10 लोगों पर कसा शिकंजा
अब तक इस मामले में 10 लोगों को नाम आ चुका है. इनमें से कई को कनाडा पुलिस गिरफ्तार हो चुके हैं, तो कुछ अब भी फरार हैं. गिरफ्तार होने वालों में परमपाल सिद्धू (54) जैसे एयर कनाडा के पूर्व कर्मचारी से लेकर अमित जलोटा और अली रजा जैसे नाम शामिल हैं. एक आरोपी दुरांटे किंग-मैकलीन तो फिलहाल अमेरिका में हथियारों की तस्करी के मामले में बंद है.
ये भी पढ़ें: मथुरा: सांप ने डसा, उसी को जेब में रखकर अस्पताल पहुंचा ई-रिक्शा चालक, वीडियो वायरल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


