Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

चीन में डेटिंग का अजब ट्रेंड! न कैफे, न रेस्टोरेंट… टूटे बर्तनों के ढेर में पार्टनर तलाश रहे युवा

China Unique Dating Trend: चीन के शंघाई समेत कई शहरों में युवाओं के बीच टूटे और पुराने बर्तनों के बाजार में डेटिंग करने का अनोखा ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. महंगे रेस्टोरेंट के बजाय युवा 65 रुपये में बर्तन तलाशते हुए एक-दूसरे की पसंद और व्यवहार समझ रहे हैं.

China Unique Dating Trend

China Unique Dating Trend

China Unique Dating Trend: पहली डेट पर किसी को इंप्रेस करना है तो अच्छे कपड़े, महंगा रेस्टोरेंट और शानदार लोकेशन जरूरी हैं… अब तक तो यही माना जाता था. लेकिन चीन के युवाओं ने डेटिंग का ऐसा अनोखा तरीका खोज निकाला है, जिसे सुनकर आप भी कहेंगे कि प्यार तलाशने का यह अंदाज तो बिल्कुल हटके है. यहां युवा अब पहली मुलाकात पर महंगे कैफे और रेस्टोरेंट जाने के बजाय टूटे-फूटे बर्तनों के बाजार पहुंच रहे हैं. खास बात यह है कि इन बाजारों में कप-प्लेट ढूंढते-ढूंढते लोग अपने लिए पार्टनर भी तलाश रहे हैं. शंघाई समेत चीन के कई शहरों में यह ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.

65 रुपये में बर्तन, साथ में पार्टनर की तलाश!

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इन बाजारों को ‘पोर्सिलेन स्कैवेंजिंग मार्केट’ कहा जाता है. यहां पुराने और टूटे हुए चीनी मिट्टी के बर्तनों के ढेर लगे होते हैं. लोग इन ढेरों में से अपने पसंदीदा कप, प्लेट और कटोरे तलाशते हैं. दिलचस्प बात यह है कि कुछ बाजारों में 500 ग्राम टूटे बर्तन महज 5 युआन यानी करीब 65 रुपये में मिल जाते हैं. इन बाजारों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सितंबर में एक ऐसे ही बाजार में एक दिन के भीतर करीब 1.5 टन सामान बिक गया और 1,000 से ज्यादा लोग वहां पहुंचे. अब इन बाजारों में सिर्फ खरीदारी नहीं, बल्कि प्यार की तलाश भी होने लगी है.

बर्तनों के बीच पता चलती है पार्टनर की पसंद

इस डेटिंग ट्रेंड की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां कपल आमने-सामने बैठकर सवाल-जवाब नहीं करते, बल्कि साथ मिलकर बर्तनों के ढेर में अपनी पसंद की चीजें खोजते हैं. इस दौरान उन्हें एक-दूसरे की पसंद, व्यवहार और सोच समझने का मौका मिलता है. शंघाई की 29 वर्षीय हाओहाओ भी ऐसी डेट पर जा चुकी हैं. उन्होंने बताया कि उनके साथ आए युवक ने उनके लिए फेस मास्क का इंतजाम किया था. उसकी इस छोटी सी कोशिश ने उनका दिल जीत लिया. यानी यहां महंगे गिफ्ट से ज्यादा छोटी-छोटी बातों और केयर को अहमियत मिल रही है.

महंगी डेटिंग छोड़ सादगी पर फोकस कर रहे युवा

चीन के कई युवाओं का मानना है कि पहली डेट पर महंगे कपड़े पहनने या सामने वाले को प्रभावित करने का दबाव नहीं होना चाहिए. ऐसी जगहों पर दोनों बिना किसी दिखावे के समय बिता सकते हैं. साथ में चीजें तलाशने के दौरान यह भी पता चलता है कि सामने वाला कितना मददगार और सहज स्वभाव का है.

डेटिंग के साथ पुरानी चीजों का भी क्रेज

यह ट्रेंड सिर्फ पार्टनर तलाशने तक सीमित नहीं है. युवा पुराने बर्तनों के टुकड़ों से घर सजाने और उन्हें नए अंदाज में इस्तेमाल करने के आइडिया भी खोज रहे हैं. चीन में ‘लाइट मैचमेकिंग’ का चलन भी बढ़ रहा है, जिसमें लोग साझा शौक और गतिविधियों के जरिए नए लोगों से जुड़ना पसंद करते हैं.

कुल मिलाकर, चीन के युवाओं ने पहली डेट का पूरा गणित ही बदल दिया है. अब प्यार की तलाश में महंगे रेस्टोरेंट की टेबल नहीं, बल्कि टूटे बर्तनों के ढेर काम आ रहे हैं. कौन जानता है, किसी को यहां मनपसंद कप के साथ जीवनसाथी भी मिल जाए.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism