8th Pay Pension Calculation: आठवें वेतन आयोग के गठन को एक वर्ष पूरा हो चुका है और अब आयोग के पास अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपने के लिए लगभग छह महीने का समय शेष है. इस बीच कर्मचारी संगठनों और पेंशनर निकायों ने आयोग के सामने कुछ प्रमुख मांगें रखी हैं. यदि सरकार इनमें से दो सबसे बड़ी मांगों को स्वीकार कर लेती है, तो केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन के साथ-साथ रिटायर्ड कर्मचारियों की पेंशन में भी बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है.
8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट के लिए मई 2027 की समयसीमा करीब आने के साथ ही फिटमेंट फैक्टर को 3.83 करने और पेंशन को बेसिक सैलरी का 67 प्रतिशत करने की मांगें चर्चा में हैं. यदि सरकार इन प्रस्तावों को मंजूरी देती है, तो केंद्रीय कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन और पेंशनर्स की मासिक आय में बड़ा इजाफा देखने को मिल सकता है.
पेंशन बढ़ाने को लेकर क्या हैं मुख्य मांगें?
केंद्रीय कर्मचारी संगठनों और पेंशनर संघों ने पेंशन गणना के नियमों में बदलाव और पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग उठाई है. भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने सभी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए OPS फिर से लागू करने का प्रस्ताव रखा है, जबकि नेशनल काउंसिल ऑफ जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने पेंशन को आखिरी बेसिक सैलरी के 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 67 प्रतिशत और फैमिली पेंशन को 30 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने की सिफारिश की है.
8वें वेतन आयोग में कितनी बढ़ सकती है पेंशन?
मौजूदा व्यवस्था के तहत मासिक पेंशन आखिरी सैलरी के 50 प्रतिशत या पिछले 10 महीनों के औसत में से जो अधिक हो, उसके आधार पर तय होती है. उदाहरण के लिए, 7वें वेतन आयोग में 56,100 रुपये बेसिक सैलरी पाने वाले लेवल-10 कर्मचारी की मौजूदा 50 प्रतिशत के हिसाब से बेसिक पेंशन 28,050 रुपये बनती है. यदि 67 प्रतिशत पेंशन का प्रस्ताव स्वीकार होता है, तो यह राशि बढ़कर 37,587 रुपये हो सकती है.
फिटमेंट फैक्टर और पेंशन का पूरा गणित
पेंशन की गणना सीधे तौर पर बेसिक पे से जुड़ी होती है. 6ठे वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.86 और 7वें वेतन आयोग में 2.57 रखा गया था, जिससे न्यूनतम बेसिक पे 7,000 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हुई थी. अब कर्मचारी संगठन इसे 3.83 करने की मांग कर रहे हैं. यदि यह लागू होता है, तो न्यूनतम बेसिक पे बढ़कर 68,940 रुपये हो सकती है. इसी फॉर्मूले के तहत लेवल-10 की 56,100 रुपये बेसिक पे बढ़कर 2,14,863 रुपये तक पहुंच सकती है और 67 प्रतिशत पेंशन नियम जुड़ने पर इस स्तर पर मासिक पेंशन 1.43 लाख रुपये से अधिक होने का अनुमान है.
मई 2027 तक साफ होगी अंतिम तस्वीर
केंद्र सरकार ने नवंबर 2025 में 8वें वेतन आयोग के गठन के बाद रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने की समयसीमा तय की थी, जो मई 2027 में पूरी हो रही है. फिलहाल सामने आए ये आंकड़े कर्मचारी संगठनों के प्रस्तावों पर आधारित उदाहरण मात्र हैं, जबकि वास्तविक बढ़ोतरी आयोग की अंतिम सिफारिशों और सरकार के फैसले पर निर्भर करेगी.
यह भी पढ़ें-ATM Charge Rule Change: अब बेवजह नहीं कटेगा चार्ज! RBI के नए नियम ने पलटा खेल, जानें काम की बात
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




